उप राष्ट्रपति ने किया निशंक की पुस्तक का लोकार्पण
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू गुरुवार को नई दिल्ली में अपने निवास में डॉक्टर निशंक द्वारा लिखी गई पुस्तक 'युग पुरुष भारत रत्न अटल जी' का लोकार्पण कर रहे थे।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्चे अर्थों में युगपुरुष बताते हुए उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि भारतीय राजनीति के शिखर पुरुषों में से उनका कृतित्व और व्यक्तित्व प्रेरणास्पद और अनुकरणीय है। ऐसी विभूति पर पुस्तक लिखकर डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने सही मायने में अपना साहित्य धर्म निभाया है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू गुरुवार को नई दिल्ली में अपने निवास में डॉक्टर निशंक द्वारा लिखी गई पुस्तक 'युग पुरुष भारत रत्न अटल जी' का लोकार्पण कर रहे थे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ बिताए दौर को भी साझा किया। उपराष्ट्रपति ने डॉ निशंक को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी पर पुस्तक लिख कर डॉ. निशंक ने सराहनीय कार्य किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार पद्मश्री डॉ. श्याम सिंह शशि ने कहा कि डॉ. निशंक ऐसे लेखक हैं जिन्होंने हिंदी साहित्य की सभी विधाओं में लिखा है।
इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने पुस्तक के लोकार्पण के लिए उपराष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं के कई अंश सुनाए और उनके साथ बिताए पल साझा किए। कार्यक्रम में बीएल गौर, नरेंद्र कुमार वर्मा, डॉ. विवेक गौतम, डॉ. विनोद बछेती, राजीव बंसल आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: सीएम ने ‘फ्राम द कोर आफ हार्ट’ पुस्तक का विमोचन किया
यह भी पढ़ें: विंटर लाइन कार्निवल: उत्तराखंडी गीतों के साथ भैलो ने जमाया रंग
यह भी पढ़ें: विंटर कार्निवल में दिखी कर्इ राज्यों की संस्कृति, पर्यटकों ने भी लगाए ठुमके