उत्तराखंड के नेताओं को दिल्ली में प्रवासियों को रिझाने का जिम्मा
दिल्ली विधानसभा के चुनाव में प्रवासी उत्तराखंडियों को रिझाने का जिम्मा प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य भाजपा नेताओं को सौंपा गया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: दिल्ली विधानसभा के चुनाव में प्रवासी उत्तराखंडियों को रिझाने का जिम्मा प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य भाजपा नेताओं को सौंपा गया है। दिल्ली में बीते रोज हुई भाजपा की बैठक में यह जिम्मेदारियां सौंपी गई। उत्तराखंड के भाजपा नेताओं से कहा गया कि वे पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुट जाएं।
राजधानी दिल्ली में प्रवासी उत्तराखंडियों की अच्छी-खासी संख्या है और कई क्षेत्रों में वह निर्णायक भूमिका में हैं। इसे देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली विस चुनाव में इन्हें अपने पक्ष में करने के मद्देनजर उत्तराखंड के भाजपा नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारने का निर्णय लिया है। रविवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में दिल्ली विस चुनाव को लेकर हुई बैठक में उत्तराखंड के भाजपा नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई।
इनमें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत के अलावा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत अन्य नेता शामिल हैं। आने वाले दिनों में इन नेताओं के साथ ही पार्टी के अन्य नेताओं को भी चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के अनुसार दिल्ली बैठक में विस चुनाव में पार्टी का परचम फहराने को रणनीति तय की गई। इस कड़ी में उत्तराखंड के भाजपा नेताओं की ड्यूटी भी चुनाव प्रचार में लगाई गई है।