Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में करवट बदल सकता है मौसम, इन जिलों में हो सकती है बारिश-बर्फबारी
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार से मौसम करवट बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय से टकराने के कारण बादल विकसित होने के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की आशंका है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार से मौसम करवट बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय से टकराने के कारण बादल विकसित होने के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की आशंका है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। ज्यादातर शहरों में तापमान में मामूली गिरावट की उम्मीद है।
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दोपहर के समय चटख धूप खिली रहने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि, प्रदेश में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जबकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र बिक्रम सिंह के अनुसार, शुक्रवार के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से चार दिसंबर को टकरा सकता है, जिससे चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बन सकते हैं।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली
चमोली जिले में कुछ समय से मौसम लगातार साफ रहने से राहत मिली है। साफ मौसम के बीच पर्यटक भी जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों में आवाजाही कर रहे हैं। विशेषकर औली पहुंचे पर्यटक यहां की सुंदरता को देखकर अभिभूत हो रहे हैं।जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी के अलावा चोटियों पर बर्फ जमी हुई है। चार दिनों से जिले में लगातार मौसम साफ है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां के पर्यटन स्थलों में जाकर साफ मौसम के बीच प्राकृतिक सुंदरता का दीदार कर रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में पर्यटकों की आवाजाही लगातार हो रही है। औली-गोरसों में पर्यटक बर्फबारी का आनंद भी उठा रहे हैं। प्रतिदिन एक हजार के करीब पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। इससे औली में चहल-पहल भी बनी हुई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 25.2, 9.0
मसूरी, 16.0, 8.2
टिहरी, 17.6, 7.0
उत्तरकाशी, 18.2, 8.6
हरिद्वार, 23.5, 8.9
जोशीमठ, 13.6, 6.2
पिथौरागढ़, 19.1, 5.5
अल्मोड़ा, 23.0, 3.7
मुक्तेश्वर 15.5, 6.0
नैनीताल, 17.3, 5.1
चंपावत, 20.0, 2.8
ऊधमसिंह नगर, 26.4, 7.1