Uttarakhand Weather Update: चार दिसंबर से करवट ले सकता है मौसम, पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र से टकराने के आसार
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। लेकिन जल्द ही मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चार दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय के टकराने की आशंका है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। लेकिन, जल्द ही मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चार दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय के टकराने की आशंका है। इससे हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
प्रदेश में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन फिलहाल दिन के समय ठंड से राहत है। हालांकि, अभी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। चार दिसंबर के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से चार दिसंबर को टकरा सकता है, जिससे हिमाचल, लद्दाख और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है।
छह दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं
रुड़की में शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। तेज धूप खिलने से नागरिकों को दोपहर में ठंड से राहत मिली। हालांकि, सुबह और शाम मौसम में ठंडक घुली रही। शहर का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार छह दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं है। वहीं मौसम भी साफ रहेगा। इसके अलावा 4-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्वी दिशा से हवा चलने का अनुमान है। विशेषज्ञों के अनुसार शुष्क मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए किसान सब्जी, बरसीम, गन्ना आदि फसलों के खेत मृदा में उचित नमी बनाए रखें।