Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बढ़ी ठिठुरन, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
Uttarakhand Weather Update तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। इस कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। अगले कुछ दिन तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है लेकिन मैदानी क्षेत्रों खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा दुश्वारी बढ़ा सकता है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। इस कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। अगले कुछ दिन तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा दुश्वारी बढ़ा सकता है।
नवंबर की शुरुआत से ही उत्तराखंड में मौसम शुष्क है। चोटियों पर हल्के हिमपात के एक से दो दौर हुए हैं, लेकिन ज्यादातर शहरों में चटख धूप खिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, ठंड में इजाफा हो रहा है। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। अगले कुछ दिन में तापमान में थोड़ी और गिरावट आने की संभावना है। रविवार से मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का असर बढ़ सकता है। देहरादून के कुछ हिस्सों और हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान दृश्यता घटने की भी संभावना है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर गंगा घाटों में उमड़े श्रद्धालु
सर्द मौसम और कोहरे के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर सभी धर्मनगरी हरिद्वार समेत कई जगहों पर गंगा घाटों में स्नान के लिए उमड़ पड़े। उनकी आस्था को ठंड भी नहीं डिगा पाई और सुबह से ही घाटों पर चहल-पहल दिखाई दी। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया।
स्थानीय निवासियों ने गंगा घाटों पर जलाए दीप
हरकी पैड़ी के अलावा शहर के अन्य गंगा घाटों पर भी देव दीपावली पर दीप जलाए गए। शहरियों ने भी देव दीपावली को उत्साहपूर्वक मनाया। मठ मंदिर से लेकर अखाड़ों भी दीपों से जगमग हो उठे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष निरंजनी श्रीमहंत रविंद्र पुरी और श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने देव दीपावली पर स्थानीय निवासियों ओर धर्मनगरी आए श्रद्धालुओं से नजदीक के घाटों पर पांच-पांच दीपक जलाने का आह्वान किया था।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, देहरादून समेत पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार