उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, केदारनाथ में हिमपात, जानिए क्या कहता है मौसम विभाग
Today Uttarakhand Weather News Update मौसम ने बुधवार को करवट बदली। केदारनाथ में हल्का हिमपात हुआ है। जबकि समूचे प्रदेश में बारिश के आसार बने हुए हैं। दिनभर बादलों के डेरे के बीच पहाड़ से लेकर मैदान तक सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ाई। इ
जागरण संवाददाता, देहरादून। Today Uttarakhand Weather News Update उत्तराखंड में मौसम ने बुधवार को करवट बदली। केदारनाथ में हल्का हिमपात हुआ है। जबकि, समूचे प्रदेश में बारिश के आसार बने हुए हैं। दिनभर बादलों के डेरे के बीच पहाड़ से लेकर मैदान तक सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ाई। इस बीच ज्यादातर इलाकों में पारे ने भी गोता लगाया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पहाड़ों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच प्रदेश में कड़ाके की ठंड दुश्वारियां बढ़ा सकती है।
करीब डेढ़ सप्ताह तक शुष्क रहने के बाद प्रदेश में मौसम बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा है। बुधवार को केदारनाथ समेत आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हुआ। जबकि, पिथौरागढ़ में भी कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी की सूचना है। देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश समेत आसपास के इलाकों में घने बादल छाये रहे और देर रात तक बारिश की आशंका बनी रही। मैदानों में दिनभर चली सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ज्यादातर इलाकों का अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ ही अरब सागर से उठने वाले चक्रवात असर उत्तराखंड में पड़ रहा है। ऐसे में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादल छाये हुए हैं। गुरुवार से रविवार तक मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना नहीं है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बर्फबारी हो सकती है। जबकि, अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में पड़ रही कड़ाके की ठंड, कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल, जानिए क्या कहता है मौसम विभाग