Move to Jagran APP

उत्तराखंड: पटरी पर आने लगी है परिवहन निगम की आर्थिकी, दीपावली के बाद आय में काफी सुधार

दीपावली उत्तराखंड परिवहन निगम के लिए काफी शुभ साबित हुई है। बता दें कि दीपावली के बाद निगम की आय में काफी सुधार आया है। अब परिवहन निगम प्रति दिन दो करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी कर रहा है।

By Raksha PanthriEdited By: Published: Sat, 20 Nov 2021 01:51 PM (IST)Updated: Sat, 20 Nov 2021 01:51 PM (IST)
उत्तराखंड: पटरी पर आने लगी है परिवहन निगम की आर्थिकी, दीपावली के बाद आय में काफी सुधार
उत्तराखंड: पटरी पर आने लगी है परिवहन निगम की आर्थिकी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कोरोना काल की मार झेलने के बाद दीपावली परिवहन निगम के लिए काफी शुभ साबित हुई है। दीपावली के बाद निगम की आय में काफी सुधार आया है। अब परिवहन निगम प्रति दिन दो करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी कर रहा है। जिस तरह से अब सरकार ने कोविड के सारे प्रतिबंध हटा दिए हैं, उससे निगम की आय बरकरार रहने की संभावना है। इससे न केवल निगम अपने कर्मचारियों का वेतन और डीजल का खर्च निकाल पाएगा, बल्कि पुरानी देयताओं को भी धीरे-धीरे चुकाने में सक्षम हो सकेगा।

loksabha election banner

उत्तराखंड में पहले कोरोना के कारण लागू लाकडाउन और फिर इस वर्ष अप्रैल के बाद कोरोना की दूसरी लहर ने परिवहन निगम की आय पर खासा असर डाला। इससे निगम की आर्थिकी बुरी तरह प्रभावित हुई। स्थिति यह हुई कि निगम के पास अपने कर्मचारियों को देने के लिए वेतन तक की धनराशि नहीं थी। कोरोना काल के बाद जब हालात थोड़ा सुधरे तो निगम ने बस संचालन शुरु किया, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण निगम की आय में कुछ खास बढ़ोतरी नहीं हुई।

ऐसे में निगम को वेतन व अन्य खर्चों के लिए सरकार के सामने गुहार लगानी पड़ी। जब सरकार ने भी इसमें आनाकानी की तो निगम के कर्मचारी संगठनों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के सख्त रुख के बाद सरकार ने निगम कर्मियों का वेतन देने के लिए आर्थिक सहायता दी। अब जब हालात सुधरने लगे हैं तो निगम की आय में भी बढ़ोतरी होने लगी है। अक्टूबर में नवरात्रों के बाद निगम की आय में काफी उछाल आया। इस समय निगम तकरीबन दो करोड़ रुपये प्रतिदिन की कमाई कर रहा है, जो 60 करोड़ रुपये मासिक बनता है।

निगम के खर्चों पर नजर डालें तो निगम को हर माह 20 करोड़ रुपये कर्मचारियों के वेतन और तकरीबन 23 करोड़ रुपये डीजल व अन्य खर्चों के लिए चाहिए। इसके अलावा निगम पर अभी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी व अन्य लाभ की देयता तकरीबन 250 करोड़ रुपये है। वहीं निगम को नई बसें खरीदने के लिए नए डिपो भी स्थापित करने हैं। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम भी उत्तराखंड परिवहन निगम को 205 करोड़ रुपये देने पर सहमति जता चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब धीरे-धीरे निगम की आर्थिक पटरी पर आ जाएगी। परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन का कहना है कि निगम की आय यदि ऐसी ही होती रही तो धीरे-धीरे निगम को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में जल्द अस्तित्व में आएगी ड्रोन नीति, पात्रता और शर्तों के साथ संचालन की सीमाएं होंगी तय


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.