Uttarakhand Police: उत्तराखंड के 88 दारोगा बने इंस्पेक्टर, 2016 के बाद नहीं हुए थे प्रमोशन
Uttarakhand Police 88 दारोगाओं का इंस्पेक्टर बनने का ख्वाब सोमवार को पूरा हो गया। पुलिस मुख्यालय ने दारोगा से इंस्पेक्टर बने पुलिसकर्मियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
देहरादून, जेएनएन। Uttarakhand Police राज्य पुलिस के 88 दारोगाओं का इंस्पेक्टर बनने का ख्वाब सोमवार को पूरा हो गया। पुलिस मुख्यालय ने दारोगा से इंस्पेक्टर बने पुलिसकर्मियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। आपको बता दें कि दारोगाओं की पदोन्नति में पेच वर्ष 2016 में फंसा तो प्रक्रिया उलझती ही चली गई। नतीजा यह हुआ साल 2017, 18 और 19 में एक भी दारोगा की पदोन्नति नही हुई।
उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नति की पारदर्शी व्यवस्था के लिए करीब दो साल पहले नियमावली लाई गई थी, लेकिन नियमावली में कुछ पेच ऐसे फंसे कि मंजूरी के बावजूद भी इस पर अंतिम निर्णय नही लिया जा सका था। हालांकि, पिछले महीने शासन ने सेवा नियमावली को मंजूरी दे दी। जिसके बाद पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग ने जिलों से पदोन्नति के दायरे में आने वाले दारोगाओं की सूची भी मंगा ली। अगस्त के पहले सप्ताह में इसके आधार पर वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई। इसके बाद दारोगाओं को लगने लगा कि उनका इंस्पेक्टर बनने का ख्वाब अब जल्द ही पूरा हो जाएगा, लेकिन उनका यह इंतजार अब जाकर पूरा हुआ। इस सूची को उत्तराखंड पुलिस की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
2016 के बाद नहीं हुए थे दारोगाओं के प्रमोशन
दारोगाओं की पदोन्नति में पेच वर्ष 2016 में फंसा तो प्रक्रिया उलझती ही चली गई। नतीजा यह हुआ 2017, 18 और 19 में एक भी दारोगा की पदोन्नति नही हुई। मामला कोर्ट पहुंचा तो दो साल पहले संशोधित सेवा नियमावली पर काम शुरू हुआ।
अभी 88 की और होनी है पदोन्नति
जिन 88 दारोगाओं की पदोन्नति हुई है, वह सभी सिविल पुलिस के हैं। अभी इंटेलीजेंस के 32 और पीएसी के 56 दारोगाओं की पदोन्नति शेष है। पहली सूची आने में बाद माना जा रहा है कि जल्द इन 88 दारोगाओं का भी इंस्पेक्टर बनने का सपना पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: पदोन्नति न करने वाले 20 विभागों की तैयार की सूची
आइजी कार्मिक पुलिस मुख्यालय पुष्पक ज्योति का कहना है कि दारोगाओं के पदोन्नति की सूची जारी कर दी गई है। इस पर कई महीने से मंथन चल रहा था। जल्द ही अन्य दारोगाओं के पदोन्नति की भी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें: तीन वित्तीय प्रोन्नति नहीं देने पर विभागों से ब्योरा तलब