भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे पूर्व सैनिक, मसूरी सीट पर गणेश जोशी को दिया समर्थन; जानें- क्या बोले
चुनाव को लिए पूर्व सैनिक भाजपा का प्रचार करेंगे। पूर्व सैनिक वेल्फेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी गणेश जोशी को अपना समर्थन दिया है। उनका कहना है कि सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए कई योजनाएं लागू कीं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन ने भाजपा को समर्थन दिया है। एसोसिएशन से जुड़े सदस्य ब्लाक और जिलास्तर पर भाजपा का प्रचार करेंगे। उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों को लाभांवित करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने भाजपा को सैनिकों के सम्मान और हितों की रक्षा करने वाली पार्टी बताया। कहा कि पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा कर केंद्र सरकार ने तोहफा दिया। कहा कि मंत्री गणेश जोशी के प्रयास की बदौलत पांचवें धाम के रूप में सैनिक धाम में शहीदों के आंगन की मिट्टी लेकर कार्य शुरू करवाया। इसके अलावा एसोसिएशन से जुड़े करीब 40 हजार सदस्य ब्लाक और जिला स्तर पर भाजपा का प्रचार करेंगे। इस दौरान एसोसिएशन के मंत्री सेवानिवृत्त कैप्टन सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सूबेदार वाइडी शर्मा, कैप्टन वीरेंद्र थापा, सूबेदार शंकर क्षेत्री, टीबी सिसोदिया आदि मौजूद रहे।
अमर जवान ज्योति हटाना सैनिकों का अपमान: कांग्रेस
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर इंडिया गेट पर 50 साल से निरंतर जल रही अमर जवान ज्योति को हटाने पर रोष जताया है। कांग्रेस ने इसे शहीद सैनिकों का अपमान बताया है। शनिवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने राजीव गांधी काम्प्लेक्स के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में डोर-टू-डोर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह देश की आन, बान, शान के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के सम्मान का मामला है। उन्होंने इस मामले में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने की मांग की है। कहा कि कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के इस फैसले का पुरजोर विरोध किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह निर्णय लेकर जता दिया कि वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए झूठे राष्ट्रवाद का सहारा लेती है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि जनता अब भाजपा की हकीकत को समझ चुकी है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस का एक और बड़ा चेहरा थाम सकता है भाजपा का दामन, इस सीट को अभी रखा गया है खाली