कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश बोले, डबल इंजन सरकार जनता के लिए मुसीबत
Uttarakhand Election 2022 उत्तराखंड में कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता के लिए मुसीबत वाली सरकार है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में मोहन प्रकाश ने राज्य सरकार को निशाने पर लिया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश में कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता के लिए मुसीबत वाली सरकार है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में मोहन प्रकाश ने राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, शिक्षा व स्वास्थ्य की ध्वस्त होती व्यवस्था चिंताजनक है। पर्वतीय क्षेत्र में कृषि व्यवस्था समाप्त हो रही है। इन गंभीर मुद्दों के प्रति राज्य सरकार का नकारात्मक रुख रहा है। भाजपा के पास राज्य के विकास की दृष्टि नहीं है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के मामले में पार्टी हाईकमान ही निर्णय करेगा। किशोर को उनके समक्ष अपनी बात रखनी चाहिए। किशोर उपाध्याय पर भाजपा नेताओं से मेलजोल रखने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की कांग्रेस में वापसी के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि इस बारे में हाईकमान के स्तर से निर्णय किया जाएगा।
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने केंद्र और राज्य की सरकारों पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा जुमला साबित हुआ है। केंद्र सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को नहीं माना। किसानों का उत्पीड़न करने के लिए तीन कृषि बिल लाए गए थे। उन्होंने कृषि क्षेत्र में केंद्र सरकार की खामियों को गिनाया।
राज्यपाल ने कोरोना संक्रमण में जानकारी ली
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से राजभवन में सचिव स्वास्थ्य डा पंकज कुमार पांडेय ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सचिव स्वास्थ्य से राज्य में कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा कोरोना से बचाव व इसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाए जा रहे कदमों और चिकित्सा सुविधाओं की बारे में भी विस्तृत चर्चा की। सचिव स्वास्थ्य ने राज्यपाल के साथ राज्य में टीकाकरण अभियान के संबंध में जानकारी साझा की।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड कांग्रेस आज प्रत्याशियों की सूची कर सकती है घोषित, जानें- कहां से चुनाव लड़ सकते हैं हरीश रावत