Uttarakhand Election 2022: महिला प्रत्याशी के मामले में भाजपा-कांग्रेस में कौन आगे?, दोगुनी महिलाओं पर खेला गया है दांव
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 भाजपा व कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। प्रत्याशियों में आधी आबादी को महत्व दिए जाने के दृष्टिकोण से देखें तो कांग्रेस में लड़की हूं लड़ सकती हूं नारे की छाप कम दिखी है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए बिसात बिछ चुकी है। दोनों ही प्रमुख दलों, भाजपा व कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। प्रत्याशियों में आधी आबादी को महत्व दिए जाने के दृष्टिकोण से देखें तो कांग्रेस में 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' नारे की छाप कम दिखी है। कांग्रेस केवल चार महिलाओं को ही मैदान में उतार पाई है। इसके उलट भाजपा ने महिलाओं को अधिक सम्मान दिया है। भाजपा ने आठ महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले दोनों ही प्रमुख दलों ने चुनाव में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की बात कही थी। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने तो मातृशक्ति को आगे बढ़ाने के मद्देनजर 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' नारा दिया। ऐसे में माना जा रहा था कि कांग्रेस उत्तराखंड में अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट देगी, लेकिन वह केवल चार की संख्या तक ही पहुंच पाई। यद्यपि, कांग्रेस ने ज्वालापुर व लालकुंआ सीटों पर पहले दो महिलाओं को प्रत्याशी घोषित किया, लेकिन बाद में बड़े नेताओं को महत्व देते हुए ये निर्णय वापस ले लिया गया।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को टिकट देने में अपने वादे को काफी हद तक निभाया है। आठ महिलाओं को विभिन्न सीटों से प्रत्याशी बनाया जाना इसे साबित भी करता है। पार्टी को अभी डोईवाला सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा करनी है। यदि वहां से भी महिला को प्रत्याशी बनाया गया तो यह संख्या बढ़ सकती है। कुल मिलाकर अब तक की तस्वीर से साफ है कि इस बार विधानसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस के मुकाबले भाजपा से अधिक महिलाएं चुनावी मोर्चे पर डटेंगी।
महिला उम्मीदवार
भाजपा
विस सीट, नाम
सोमेश्वर, रेखा आर्य
कोटद्वार, ऋतु खंडूड़ी
केदारनाथ, शैलारानी रावत
देहरादून कैंट, सविता कपूर
खानपुर, कुंवरानी देवयानी
यमकेश्वर, रेणु बिष्ट
पिथौरागढ़, चंद्रा पंत
नैनीताल, सरिता आर्य
कांग्रेस
भगवानपुर, ममता राकेश
हरिद्वार ग्रामीण, अनुपमा रावत
रुदपुर, मीना शर्मा
लैंसडौन, अनुकृति गुसाईं रावत
यह भी पढ़ें- कोटद्वार में भाजपा ने खेला भावनात्मक कार्ड, पूर्व सीएम की बेटी को मैदान में उतारने का यूं ही नहीं लिया जोखिम