उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय बोले, राज्य में मतांतरण रोकने को बनेगा कानून
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड में भी मतांतरण पर रोक के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा। इस कानून की पैरवी करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को भी जबरन मतांतरण के खिलाफ आगे आना चाहिए।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड में भी मतांतरण पर रोक के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा। इस कानून की पैरवी करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को भी जबरन मतांतरण के खिलाफ आगे आना चाहिए। देश की सियासत में इस वक्त मतांतरण के मुद्दे पर बहस चल रही है। जम्मू-कश्मीर में सिख युवतियों के मतांतरण के मसले पर अब उत्तराखंड में भी सियासत गर्मा गई है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया।
जम्मू-कश्मीर में सिख युवतियों के मतांतरण की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि समाज को भी ऐसे मामलों में जागरूकता दिखाते हुए मतांतरण के विरोध के लिए आगे आना चाहिए। मुस्लिम समाज की ओर से भी इस दिशा में प्रयास होना चाहिए। किसी को भी एक-दूसरे मत के साथ खिलवाड़ की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस पर सख्त रुख बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड में भी मतांतरण रोकने के लिए कानून बनाने के पक्ष में हैं। इसके लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे, ताकि लव जिहाद पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि जबरन मतांतरण की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए।
राज्यपाल मौर्य और सीएम रावत ने जवानों के दिवंगत होने पर जताया शोक
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सिक्किम में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण जवानों के दिवंगत होने पर शोक प्रकट किया है। राज्यपाल ने अपने संदेश में ईश्वर से शोक संतप्त स्वजन को संबल प्रदान करने की कामना ईश्वर से की है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि इस दुर्घटना में कुमाऊं रेजीमेंट के तीन जवानों के दिवंगत होने की खबर दुखद है।
यह भी पढ़ें- टिकटों के फेर में दिग्गजों के बीच मारामारी, पढ़िए पूरी खबर