केंद्रीय मंत्री तोमर बोले- किसानों की आय दोगुनी करने पर फोकस, बैठक में सीएम रावत ने दिया ये सुझाव
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कोशिश कर रहे हैं।
देहरादून, जेएनएन। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार इसके लिए एक के बाद एक कदम उठा रही है। राज्य सरकारों ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि अवसंरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्य सरकारों के जरिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। कृषि क्षेत्र में निजी निवेश को गांवों और खेतों तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। कृषि अवसंरचनाओं के विकास में एक लाख करोड़ का यह पैकेज एक बड़ा कदम साबित होगा। बैठक में उत्तराखंड के सीएम ने पर्वतीय राज्यों के लिए अलग से नीति बनाने का सुझाव दिया।
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने केंद्र सरकार के कृषि विकास के हाल ही में की गई कोशिशों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को गति देने के लिए राज्यों को एक सेमिनार का आयोजन करना चाहिए, जिसमें कृषि अवसंरचनाओं के विकास और संभावनाओं पर चर्चा की जाए। एक सर्वेक्षण करा कर कृषि क्षेत्र में गैप्स ढूंढकर उनके लिए योजनाएं बनाई जानी चाहिए। किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसान अपने उत्पाद को लंबे समय तक और उचित मूल्य मिलने तक सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि हमने 10 हजार फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एफपीओ) बनाने का लक्ष्य रखा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस फंड के माध्यम से पोस्ट हार्वेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बिचौलियों को समाप्त करने में भी मदद मिलेगी साथ ही कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज इंटीग्रेटेड पैक हाउसेस, सप्लाई चेन सर्विसेज, कम्युनिटी फार्म मशीनरी, रेफ्रिजरेटेड ट्रांसपोर्टेशन और कम्युनिटी ड्राइंग यार्ड जैसी अवसंरचनाओं को विकसित करने में इस फंड का प्रयोग किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हम अपने किसानों को आत्मनिर्भर कृषि के माध्यम से उद्यमी बनाना चाहते हैं। 31 मार्च 2021 तक इसके लिए सभी राज्य अपने योजनाओं को उपलब्ध करा दिया जाए।
बैठक में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री मोदी के किसानों की आय को बढ़ाने के लिए शुरू की गई आत्मनिर्भर कृषि योजना के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में यह योजना मील के पत्थर की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा केंद्र के जरिए हर जनपद में दो-दो एफपीओ बनाए जाने के लक्ष्य को हम समय पर पूरा कर लेंगे। अन्य मैदानी राज्यों की तुलना में हमारे पर्वतीय राज्यों की परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का अधिकांश भूभाग पर्वतीय है। जहां पर अलग-अलग प्रकार की क्लाइमेट कंडीशन है। उन्होंने पर्वतीय राज्यों के लिए अलग से नीति बनाई जाने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बेमौसमी फल-सब्जियों की अपार संभावना है। इनके उत्पादन में फोकस करके किसानों की आय को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में जड़ी बूटियों की अत्यधिक संभावना है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के इन दो जिलों में खुलेंगे 15 किसान उत्पादक संगठन, जानिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को तीन लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को भी पांच लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की कृषि में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री परषोत्तम रूपाला, मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर समेत विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों ने भी अपने सुझाव दिए।