उत्तराखंड चुनाव 2022: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर किया प्रहार, कहा- उत्तराखंड के विरोधी आज कर रहे स्वाभिमान की बात
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के विरोधी आज स्वाभिमान की बात कर रहे हैं। कहा जिन्होंने कभी चारधाम के बारे में नहीं सोचा आज वे चार धाम-चार काम का नारा दे रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की रचना का विरोध करने वाले आज स्वाभिमान की बात कर रहे हैं। जिन्होंने कभी चारधाम के बारे में नहीं सोचा, आज वे 'चार धाम-चार काम' का नारा दे रहे हैं। भाजपा ने चारधाम को जोड़ने के लिए आल वेदर रोड पर काम करके दिखाया है। राज्यवासी जानते हैं कि किसने क्या काम किया है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा इस बार पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें जीतेगी।
जोशी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस आज किस स्वाभिमान की बात कर रही है। सभी जानते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उनकी टीम ने उत्तराखंड की रचना का विरोध किया था। बीते दिवस कांग्रेस के लोग नृत्य करते दिखे। ये वही लोग हैं, जो पिछली बार हुए स्टिंग में कह रहे थे कि आपको जो लूटना है लूट लो, मैं आंखें बंद कर लूंगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही स्वाभिमान है। साथ ही कहा कि जिन्होंने कभी चारधाम के बारे में नहीं सोचा। अयोध्या, काशी के बारे में नहीं सोचा, आज वे आज चारधाम की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने काम करके दिखाया है, नृत्य नहीं किया।
भाजपा नेता जोशी ने कहा कि जनता जानती है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने क्या-क्या काम किए। तुष्टीकरण के लिए किस तरह शुक्रवार को छुट्टी देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि हरीश रावत जनता को मूर्ख समझते हैं, लेकिन राज्य की जनता समझदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य को लूटने को स्वाभिमान समझती है और आज राज्य को लूटने वाले एक हो गए हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री डा हरक सिंह रावत जब कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे, तब उनके द्वारा हरीश रावत के संबंध में क्या-क्या वक्तव्य दिए गए थे, यह सभी जानते हैं।
मोदी, शाह व नड्डा की रैलियां संभव
पूछे जाने पर जोशी ने कहा कि चुनाव प्रचार के संबंध में निर्वाचन आयोग 31 जनवरी को क्या निर्णय लेता है, उस पर हमारी भी नजर है। यदि आयोग रैली, सभा की अनुमति देता है तो भाजपा का प्रयास रहेगा कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कम से कम से एक-एक रैलियां हो जाएं।
यह भी पढ़ें: - उत्तराखण्ड चुनाव 2022: भाजपा दो फरवरी को जारी कर सकती है अपना दृष्टिपत्र