विधायक चैंपियन को पुनः भाजपा में शामिल करने के विरोध में यूकेडी ने सरकार का पुतला फूंका
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पुनः भाजपा में शामिल किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने विरोध दर्ज करते हुए सरकार का पुतला दहन किया।
ऋषिकेश, जेएनएन। उत्तराखंड वासियों को अपशब्द कहने वाले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पुनः भाजपा में शामिल किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने विरोध दर्ज करते हुए सरकार का पुतला दहन किया।
उत्तराखंड क्रांति दल ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की वापसी को प्रदेश की जनता का अपमान बताते हुए उन्हें तत्काल पार्टी से हटाने की मांग की है।
बुधवार को उत्तराखंड क्रांति दल ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी चौक पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक और पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड को अभद्र शब्दों से संबोधित करने वालों विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने प्रदेशवासियों का अपमान किया है। उन्हें भाजपा ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था। मगर, कुछ महीनों में ही भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल कर दिया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: चैंपियन की वापसी के विरोध में आप कार्यकर्त्ता का प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि चैंपियन को पार्टी में दोबारा वापस लाकर भाजपा ने प्रदेश की जनता का अपमान किया है। जिसे जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में उत्तराखंड की हितैषी है तो कुंवर प्रणव चैंपियन जैसे अभद्र नेताओं को तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।
पुतला फूंकने वालों में उत्तराखंड क्रांति दल के नगर अध्यक्ष सोहन भट्ट, आनंद तड़ियाल, केडी जोशी, गुलाब सिंह रावत, पीएस नेगी, जितार सिंह बिष्ट, युद्धवीर चौहान, वीसी रावत, एसएस शाही आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव बने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की वापसी का आधार