रुद्रप्रयाग में खेतों में काम करते समय पत्थर गिरने से दबकर दो की मौत
विकासखंड जखोली के पांजणा गांव में खेतों में समतलीकरण का कार्य कर रहे दो लोगों के ऊपर मलबा गिरने से दबकर मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति इस घटना में घायल हो गया। शवों का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं मृतकों के परिवार काफी गरीब हैं।
रुद्रप्रयाग, जेएनएन। विकासखंड जखोली के पांजणा गांव में खेतों में समतलीकरण का कार्य कर रहे दो लोगों के ऊपर अचानक मलबा और पत्थर गिरने से दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति इस घटना में घायल हो गया। शवों का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं मृतकों के परिवार काफी गरीब हैं, डीएम ने घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है और हर संभव सहायता के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
गत देर शाम लगभग छह बजे जिले के जखोली विकासखंड के पांजणा गांव में खेतों का समतीकरण का कार्य गांव के ही लोग कर रहे थे। इस बीच अचानक एक बड़ा पत्थर और मलबा काम कर रहे मजदूरों के ऊपर गिर गया। पत्थर की चपेट में पांजणा गांव के 40 वर्षीय गोपाल सिंह पंवार पुत्र बचन सिंह पंवार और 48 वर्षीय गुमान सिंह गुसाईं पुत्र कुंदन सिंह गुसाईं आ गए। इस घटना में दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक नवनीत सिंह पुत्र जबर सिंह को हल्की चोटें आई हैं। घटना की जानकारी के बाद पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा, लेकिन ग्रामीण राहत बचाव का कार्य से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने दोनों व्यक्तियों के शव बाहर निकाले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर पंचायतनामा भरा। शवों को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया है।
गोपाल सिंह पंवार अपने पीछे पत्नी और तीन लड़कियां, एक लड़के को छोड़ गए हैं। जबकि गुमान सिंह अपने पीछे चार लड़की और एक लड़का को छोड़ गए हैं। दोनों मृतकों के घरों में मातम पसरा है, आर्थिकी का जरिया भी नहीं बचा है। वहीं जिलाधिकारी वंदना सिंह ने इस घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। साथ ही इस घटना में मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने के लिए आवश्यक निर्देश उप जिलाधिकारी जखोली को दिए हैं।
यह भी पढ़ें: देहरादून में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत