पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भावपूर्ण स्मरण
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया।
By Edited By: Published: Tue, 25 Dec 2018 09:47 PM (IST)Updated: Tue, 25 Dec 2018 09:47 PM (IST)
राज्य ब्यूरो, देहरादून पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस मौके पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर रोशनी डाली गई। साथ ही राज्य के उदय और इसके विकास में पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद रहे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। भाजपा को मजबूती प्रदान करने में उनका अहम योगदान रहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उनके जन्म दिवस सुशासन दिवस पर आज प्रदेश में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना लांच की है। इसका लाभ प्रत्येक राज्यवासी को मिले, यही पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने पार्टीजनों से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस योजना की जानकारी दें। अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने ही उत्तराखंड राज्य बनाया और फिर इसके विकास के लिए औद्योगिक पैकेज देकर जो कार्य किया, वह इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी सदैव उत्तराखंड राज्य और यहां की जनता की चिंता करते थे। संचालन प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री व विधायक खजानदास, महापौर सुनील उनियाल गामा, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सिंह सोनी, कार्यालय प्रभारी पुष्कर काला समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें