राजपुर रोड पर हरे पेड़ों पर चल रही खुलेआम आरियां
वन विभाग की नाक के नीचे राजपुर रोड पर खुलेआम हरे पेड़ों पर आरियां चल रही हैं। यही नहीं काटे पेड़ों को संबंधित व्यक्ति आग के हवाले कर रहा है।
जागरण संवाददाता, देहरादून : वन विभाग की नाक के नीचे राजपुर रोड पर खुलेआम हरे पेड़ों पर आरियां चल रही हैं। यही नहीं काटे गए पेड़ों को संबंधित व्यक्ति आग के हवाले कर रहा है। शिकायत के बाद वन विभाग की टीम एक बार कटान पर रोक लगा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी कटान जारी है।
राजपुर रोड पर एक व्यक्ति का निजी प्लॉट है। जिसमें बड़ी संख्या में हरे पेड़ हैं। बताया जा रहा है कि एक साल पहले मार्च में प्लॉट स्वामी ने पेड़ों को पड़ोसियों के लिए खतरनाक बताते हुए पेड़ों के कटान और लॉपिंग चॉपिंग की अनुमति विभाग से मांगी। जिसके बाद विभाग ने कुछ पेड़ों के कटान और कुछ के लॉपिंग की अनुमति दी थी। लेकिन उस समय संबंधित प्लॉट स्वामी ने पेड़ों का कटान और लॉपिंग नहीं की। बल्कि अब कुछ पेड़ों की आड़ में दर्जनों पेड़ों पर आरियां चलाई जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने शिकायत की तो वन विभाग के कर्मचारियों ने एक बार पेड़ों का कटान रोक दिया था, लेकिन दोबारा से पेड़ों पर खुलेआम आरियां चल रही हैं।
यहां बता दें कि वन विभाग से नियमानुसार अनुमति मिलने के 15 दिन के अंदर कटान और लॉपिंग किया जाना आवश्यक है। इसके बाद अनुमति स्वयं ही रद मानी जाती है, लेकिन सालभर पहले ली गई अनुमति के बाद भी यहां पेड़ों का कटान चल रहा है। प्रभागीय वनाधिकारी राजीव धीमान ने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। मामले को दिखाया जाएगा। साल भर की अनुमति पर उन्होंने कहा कि हो सकता है कि संबंधित व्यक्ति ने दोबारा अनुमति ली हो। पूरा मामला देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।