शासन में पहुंचने से पहले ही वायरल हुई नियुक्ति सूची
आयुष विभाग में हाल ही में पदोन्नत अधिकारियों की सूची शासन में पहुंचने से पहले ही सोशल मीडिया में वायरल हो गई है। इस सूची में अधिकारियों की प्रस्तावित तैनाती का जिक्र है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: आयुष विभाग में हाल ही में पदोन्नत अधिकारियों की सूची शासन में पहुंचने से पहले ही सोशल मीडिया में वायरल हो गई है। इस सूची में अधिकारियों की प्रस्तावित तैनाती का जिक्र है। सोशल मीडिया में चल रही इस सूची को देखकर अब प्रभावित अधिकारी लगातार शासन में इस संबंध में जानकारी ले रहे हैं, जबकि शासन को यह सूची मिली ही नहीं है। वहीं, सचिव आयुष आरके सुधांशु का कहना है कि अभी तबादला सूची शासन में पहुंचने की जानकारी उन्हें नहीं है। सूची आएगी भी तो पहले इसका परीक्षण किया जाएगा और फिर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
आयुष महकमे ने गत एक अगस्त को आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों की संयुक्त निदेशक और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों के पद पद पदोन्नति की थी। जिन 16 अधिकारियों की पदोन्नति की गई उन्हें नई तैनाती दी जानी थी। इस बीच कुछ समय पहले सोशल मीडिया में अधिकारियों की प्रस्तावित तैनाती से संबंधित सूची वायरल हो गई। इसमें इन 16 अधिकारियों की वर्तमान व प्रस्तावित तैनाती का जिक्र किया है। सोशल मीडिया में इस सूची के आने से विभागीय गोपनीयता तो भंग हुई ही है साथ ही अधिकारियों में असमंजस की स्थिति भी है। इस कारण वे लगातार शासन में इस संबंध में जानकारी ले रहे हैं।
इस संबंध में सचिव आयुष आरके सुधांशु का कहना है कि अभी उन्होने सूची देखी नहीं है। सूची अगर पहले ही बाहर आ गई है तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। शासन सूची का प्रशिक्षण करने के बाद ही तबादलों के संबंध में आवश्यक अग्रिम कार्यवाही करेगा।