Top Dehradun News of the day, 7th February 2020: मसूरी में हुई बर्फबारी, आहार नली में फंसा कृतिम दांत निकाला, ई-रिक्शा चालकों ने दी चेतावनी
तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली फिर मौसम बदला दूसरी चिकित्सकों ने एक महिला की आहार नाल से कृतिम दांत व डेंचर निकाला है। तीसरी ई-रिक्शा चालकों ने चेतावनी दी।
देहरादून, जेएनएन। गुरुवार को देहरादून में तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली, उत्तराखंड के चार धाम के साथ ही उच्च हिमालय में बर्फबारी हुई। मसूरी और आसपास धनोल्टी और नागटिब्बा में भी हल्की बर्फबारी हो रही है। दूसरी, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ईएनटी रोग विभाग के चिकित्सकों ने एक महिला की आहार नाल से कृतिम दांत व डेंचर निकाला है। तीसरी, आमरण अनशन के पांचवें दिन ई-रिक्शा चालकों ने सरकार पर हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मनमाने तरीके से रूट निर्धारित किए जाने से कइयों की रोजीरोटी प्रभावित हो जाएगी।
मसूरी में बर्फबारी, आसपास की पहाड़ियां भी हुईं सफेद
उत्तराखंड में दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और चार धाम के साथ ही उच्च हिमालय में बर्फबारी शुरू हो गई। मसूरी और आसपास धनोल्टी और नागटिब्बा में भी हल्की बर्फबारी हो रही है। मसूरी में यह सीजन की सातवीं बर्फबारी है। वहीं पौड़ी, चमोली और उत्तरकाशी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही चमोली जिले में औली और उत्तरकाशी में हर्षिल में भी बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे पर यातायात बाधित हो गया है। रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ, चोपता, मदमहेश्वर, चिरबटिया और पंवालीकांठा में भी पहाड़ियां बर्फ से सफेद हो गई हैं। दोपहर बाद मसूरी में करीब दो से तीन इंच बर्फ गिरी।
डॉक्टरों ने आहार नली में फंसा कृतिम दांत और डेंचर निकाला
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ईएनटी रोग विभाग के चिकित्सकों ने एक महिला की आहार नाल से कृतिम दांत व डेंचर निकाला है। डेंचर एक साल से महिला की आहार नली में फंसा हुआ था। इस कारण महिला को खाना निगलने में परेशानी हो रही थी और गले के निचले हिस्से में लगातार दर्द भी रहता। महिला ने कई अस्पतालों में जांच करवाई, लेकिन दर्द के कारण का पता नहीं चल सका। इसके बाद महिला मरीज उपचार के लिए पटेलनगर स्थित श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल पहुंची, जहां पर चिकित्सकों ने महिला की एंडोस्कोपी कर पता लगाया कि आहार नाल में डेंचर फंसा हुआ है। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने सफल सर्जरी कर आहार नली में फंसा कृतिम दांत व डेंचर बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस सेना के लिए भेजेगी 100 जोड़ी स्नो बूट्स Dehradun News
ई-रिक्शा चालकों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आमरण अनशन के पांचवें दिन ई-रिक्शा चालकों ने सरकार पर हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मनमाने तरीके से रूट निर्धारित किए जाने से कइयों की रोजीरोटी प्रभावित हो जाएगी। पर्यावरण के लिए सुरक्षित ई-रिक्शा को सड़क से हटाने के बजाए उन्हें प्रोत्साहित किए जाने की जरूरत है। ई-रिक्शा चालक यूनियन बीती 27 जनवरी से आंदोलन की राह पर हैं। 27 को सचिवालय कूच करने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से रूट निर्धारित किए जाने के बाद मंगलवार से यूनियन ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि धरने को 17 दिन हो गए हैं, लेकिन शासन-प्रशासन का कोई भी सक्षम अधिकारी ई रिक्शा चालकों की सुध लेने नहीं आया।
यह भी पढ़ें: दून और हरिद्वार के चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराएंगी साध्वी पद्मावती