रैली निकालकर शिक्षा को अपनाने, नशे को दूर भगाने का दिया संदेश
महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में उत्तराखंड वाल्मीकि समाज कल्याण समिति की ओर से शिक्षा को अपनाने और नशे को दूर भगाने का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली गई।
जागरण संवाददाता, देहरादून : महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में उत्तराखंड वाल्मीकि समाज कल्याण समिति की ओर से शिक्षा को अपनाने और नशे को दूर भगाने का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि के जयकारों के साथ ही बेटियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक किया गया।
शुक्रवार को डीएल चौक से रैली को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक जोशी ने कहा कि बेटियों को शिक्षा दिलाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए। रैली में महिलाओं के साथ ही युवा काफी संख्या में शामिल रहे। इस दौरान सदस्यों ने हाथों में तख्ती लिए शिक्षा को अपनाना है घर-घर तक पहुंचाना है, नारी का सम्मान देश का सम्मान, नशे को दूर भगाने के लिए सभी एकजुट होकर आए आगे आदि का संदेश दिया। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पवर्षा की गई और ढोल नगाड़ों के साथ करनपुर मंदिर पहुंचे। यहां पर पूजा करने के बाद महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान राजपुर रोड विधायक खजानदास के हाथों सदस्यों को प्रसाद वितरित कराया गया।
इस मौके पर समिति की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बबीता सहोत्रा ने कहा कि शहर में वाल्मीकि जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकलती थी, परंतु कोरोनाकाल के चलते इस बार शोभा यात्रा स्थगित करनी पड़ी। शिक्षा को अपनाने नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस मौके पर पार्षद योगी योगेश, महामंत्री राजीव गोदियाल, सचिव जतिन गोदियाल, नितिन गोदियाल, सौरव राय, निखिल चौहान, राजीव, सतपाल चौहान, सोनू घोसियाल, कुलवंत सूद, राजकुमार चौटाला, विशाल, अजय घाघट, सुभाष आदि मौजूद रहे।