ऋषिकेश: स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली सफलता पर स्वच्छता प्रहरियों ने किया महापौर का अभिनंदन
केंद्र के स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में ऋषिकेश नगर निगम ने जहां 53 वां स्थान हासिल किया। वहीं एक लाख आबादी वाली निगमों में ऋषिकेश नगर निगम ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता प्रहरियों ने नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं का अभिनंदन किया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: केंद्र के स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में ऋषिकेश नगर निगम ने जहां 53 वां स्थान हासिल किया। वहीं एक लाख आबादी वाली निगमों में ऋषिकेश नगर निगम ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर उपलब्धि हासिल की है। निगम की स्वच्छता सर्वेक्षण में शानदार सफलता पर निगम के स्वच्छता प्रहरियों ने रविवार को नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं का अभिनंदन किया। महापौर ने इसका पूरा श्रेय निगम अधिकारियों, निगम पार्षदों व स्वच्छता कर्मचारियों को दिया।
रविवार को नगर निगम में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि निगम के तीन वर्षों के कार्यकाल पूर्ण होने पर मिली यह सफलता एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।जब उन्होंने निगम की कमान संभाली तो शहर की सफाई व्यवस्था अपने सबसे बुरे दौर में थी। नगर के तमाम शौचालयों की हालत बहुत खराब थी। नए शौचालय बनाने के लिए निगम के पास बजट का अभाव था। उन्होंने बताया इसे चैलेंज की तरह स्वीकार कर योजनाएं बनाई गई। परिणाम स्वरूप अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में हाईटेक शौचालय अस्तित्व में आए और पुराने शौचालयों का जीर्णोद्धार शुरू हुआ।
50 हजार डस्टबिन शहरवासियों को निश्शुल्क वितरण किए। शहर में कूड़ेदानों से कूड़े का नियमित उठान के लिए 20 नए कूड़ा वाहनों की खरीददारी कर डोर टू डोर कूड़ा उठान के लिए वाहनों में जीपीएस के जरिए गाड़ियों की मानिटरिंग की शुरुआत कराई गई। ट्रेंचिंग ग्राउंड में लिगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य शुरू हुआ और आज तमाम भागीरथ प्रयासों के बाद परिणाम सबके सामने है।
यह भी पढ़ें- स्वच्छता में खरी उतरी पहाड़ों की रानी मसूरी, उत्तराखंड में पहला और देश में 91वां स्थान किया हासिल
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद अब हमारा लक्ष्य देश में अव्वल स्थान पर आना है। इसके लिए सभी 40 वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महापौर ने अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान मेहनत और उम्मीद के साथ परिणाम आने पर शहर की जनता का आभार जताया। साथ ही कहा कि अधिकारियों की बेहतर प्लानिंग और कर्मचारियों ने अनुशासन में रहकर मेहनत की। सामूहिक प्रयासों के बूते ही नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतरीन नतीजे लाने में सफल हो पाया है। इस मौके पर ऋषिकेश स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर रवि शास्त्री, पार्षद मनीष बनवाल, अनीता रैना, विजय बडोनी, विपिन पंत, वीरेंद्र रमोला, चेतन शर्मा, पंकज शर्मा, अक्षय खेरवाल, परीक्षित मेहरा ,सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, नरेश खेरवाल, मुकेश खेरवाल, विनोद भारती, विनोद सौदाई, जितेंद्र, महेंद्र, राकेश, अमित, विनेश, राजेश डोगरा, विक्रम डोगरा, अजय बागड़ी, सुभाष, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश: सरकार की बुद्धि- शुद्धि को कर्मचारियों ने किया यज्ञ, पिछले कई दिनों से हैं कार्य बहिष्कार पर