Dehradun: दृष्टिबाधित युवती के साथ किराएदार एक साल से कर रहा था दुष्कर्म, हुई गर्भवती
शहीद भगत सिंह कालोनी में एक दृष्टिबाधित युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित किराएदार ही युवती के साथ दुष्कर्म कर रहा था जिससे वो गर्भवती हो गई। शिकायत करने पर आरोपित ने जान से मारने की भी धमकी दी।
जागरण संवाददाता, देहरादून: नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दृष्टिबाधित युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। तीन आरोपितों में से दो को पुलिस ने शिकायत के बाद 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। पीडि़त युवती इस समय सात माह की गर्भवती है। बच्चा किसका है, यह अब तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले की शिकायत बीते सोमवार को दिल्ली से एक युवती ने मेल के जरिये दून पुलिस को भेजी थी। इसमें युवती ने बताया कि वह दृष्टिबाधित है। उसकी एक बहन परिवार के साथ देहरादून की शहीद भगत सिंह कॉलोनी में रहती है। जोकि 18 साल की है और अल्प दृष्टिबाधित है। युवती का आरोप था कि यहां उनके मकान में रहने वाला किरायेदार सन्नू उसकी बहन के साथ कई माह से दुष्कर्म कर रहा है। इससे उसकी बहन गर्भवती हो गई है। किसी को घटना की जानकारी देने पर आरोपित जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस भय से वह शिकायत नहीं कर पा रहे।
डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि सुबह 10 बजे मेल के बारे में जानकारी मिली थी। मामला महिला सुरक्षा से जुड़ा हुआ था, इसलिए थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी दिलबर सिंह नेगी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने दोपहर करीब पौने तीन बजे पीडि़ता के बयान लेने के बाद एफआइआर दर्ज की और उसका मेडिकल करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
युवती से पूछताछ में सामने आया कि उसके साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया है। उनमें से एक की पहचान मोहम्मद शाहिद उर्फ सन्नू के रूप में हुई, जो युवती के घर में किराये पर रहता है। बाकी के दोनों आरोपित खुर्शीद और सत्तार युवती के पड़ोस में रहते हैं। सन्नू से जान-पहचान होने के चलते वह अक्सर उसके घर आते थे। तीनों मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं। पुलिस तक शिकायत पहुंचने की भनक लगते ही सन्नू और सत्तार फरार हो गए थे।
इसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गईं। शाम करीब साढ़े चार बजे एक टीम बिजनौर और दूसरी टीम शहीद भगत सिंह कॉलोनी रवाना हुई। आरोपित खुर्शीद को शहीद भगत सिंह कॉलोनी से रात 11 बजे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सन्नू सुबह सवा छह बजे बिजनौर में पकड़ा गया। वहीं सत्तार की तलाश में एक टीम बिजनौर में दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी: किशोरी को अकेला देख घर में घुसा युवक, डरा-धमकाकर किया दुष्कर्म; गिरफ्तार