सीएम बोले, उत्तराखंड में सवर्णों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण जल्द
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि 10 प्रतिशत आर्थिक आरक्षण उत्तराखंड में जल्द लागू होगा। इसका परीक्षण कराया जा रहा है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि उत्तराखंड में आरक्षण को लेकर विधिक परामर्श लिया जा रहा है। जल्द इसे लागू करने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। लिहाजा, प्रदेश में इसे लागू समझा जाए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जुलाई तक सभी गांवों को इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा वर्ष अंत तक आबादी वाले 250 गांवों को भी सड़क मार्ग से जोड़ दिया जाएगा।
मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक कार्यक्रम में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्ण लोगों को दस प्रतिशत आरक्षण देना एक ऐतिहासिक कदम है। प्रदेश सरकार भी इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। गुजरात ने आर्थिक आधार पर सवर्ण आरक्षण लागू कर दिया है। प्रदेश को अपने स्तर पर भी आरक्षण पर बहुत काम करना है। न्याय विभाग से कुछ बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है। उनकी ओर से स्थिति स्पष्ट करते ही राज्य में सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए भी आरक्षण लागू कर दिया जाएगा।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष जुलाई तक सभी गांवों को इंटरनेट से जोड़ दिया जाएगा। निवेशक सम्मेलन में युवाओं को भी बुलाया गया था। उनके द्वारा इंटरनेट सुविधा के विस्तार पर जोर दिया गया। इस पर अब तेजी से काम चल रहा है। इंटरनेट सुविधा मिलने से रोजगार बढ़ेगा और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा, स्वास्थ्य आदि सुविधाएं मुहैया कराने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 150 करोड़ का निवेश हो चुका है और जुलाई तक इसके एक हजार करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इस साल के अंत तक 250 की आबादी वाले गांवों को सड़क से जोड़ दिया जाएगा।
लोक सभा चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संगठन बहुत मजबूत है। यह कैडर आधारित संगठन है। चुनावों की पूरी तैयारी है। कार्यकर्ता भी तैयार हैं। जल्द ही राज्य के सभी लोकसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता आकर मार्गदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें: अमर सिंह बोले, भाजपा पर नहीं पड़ेगा गठबंधन का असर
यह भी पढ़ें: मोदी लहर का मुकाबला नहीं कर सकता महागठबंधन: तीरथ सिंह