उत्तराखंड में होगी टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना, पढ़िए पूरी खबर
उत्तराखंड में जल्द टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना होने जा रही है। राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी के मुताबिक टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने उत्तराखंड में कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना की दिशा में कार्य करने के लिए अपने अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड में जल्द टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना होने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी के मुताबिक टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने उत्तराखंड में कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना की दिशा में कार्य करने के लिए अपने अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। स्वयं रतन टाटा ने सांसद बलूनी को यह जानकारी दी।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने बताया कि राज्य में विश्व स्तरीय कैंसर चिकित्सा सुविधा के संस्थान की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में शीघ्र ही टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना का कार्य आगे बढ़ेगा। स्वयं कैंसर को मात देकर अब स्वास्थ्यलाभ कर रहे सांसद बलूनी ने कहा कि गत वर्ष जब वह कैंसर के उपचार के लिए मुंबई में भर्ती थे, तो वह सोचते थे कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हेंं जिस तरह का उपचार प्राप्त हो रहा है, क्या उत्तराखंड के एक आम आदमी को ऐसा उपचार सुलभ है। राज्य में अगर इस तरह की सुविधा हो तो आम व्यक्ति को देश के विभिन्न हिस्सों में भटकना नहीं पड़ेगा।
बकौल बलूनी, इसके लिए उन्होंने टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट व टाटा ट्रस्ट से संपर्क तथा संवाद किया। पूर्व में भी राज्य सरकारों द्वारा टाटा ट्रस्ट से कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना का अनुरोध किया गया था। उन्होंने बताया कि भाजपा की मौजूदा सरकार ने जून 2017 में टाटा ट्रस्ट से इसके लिए एमओयू भी किया। सांसद बलूनी ने कहा कि वह टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा की संवेदनशीलता के लिए उनके आभारी हैं। राज्य में टाटा कैंसर संस्थान की स्थापना होने के बाद तत्काल जांच, उपचार की सुविधा के साथ-साथ ऑपरेशन कि सुविधा भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि रतन टाटा द्वारा यह संस्थान राज्य के लिए एक बड़ा उपहार होगा।