गुरु राम राय मिशन के छात्रों ने मनवाया प्रतिभा का लोहा, शिक्षा के संकल्प को पहुंचाया नई ऊंचाइयों तक
एसजीआरआर मिशन के स्कूलों के मेधावी छात्रों ने एक बार फिर मिशन के शिक्षा संकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है।
देहरादून, जेएनएन। श्री गुरुराम राय एजुकेशन मिशन के स्कूलों के मेधावी छात्रों ने एक बार फिर मिशन के शिक्षा संकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है। रेसकोर्स स्थित श्री गुरु राम राय स्कूल के आयुष पांडे ने 97.6 फीसद अंक प्राप्त कर एसजीआरआर मिशन की स्कूलों में सबसे अधिक अंक प्राप्त किए। इसी स्कूल के मोहम्मद अदनान और श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल की सपना बिष्ट ने 97.2 फीसद अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नेहरू ग्राम की दिया गुसाईं और श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, शिवांगी बडोरिया ने 96.2 फीसद अंक प्राप्त कर प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मिशन के नौनिहालों की ओर से शिक्षा के फलक पर चमक बिखेरने पर एजुकेशन मिशन के चेयरमैन मंहत देवेंद्र दास महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मिशन की स्कूलों की इस सफलता के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्रों और अभिभावकों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने आशा जताई कि आगे भी मिशन अपने लक्ष्यों और उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए कड़े परिश्रम से गुजरेगा। मिशन ने बयान जारी कर बताया कि महंत देवेंद्र दास महाराज के कुशल निर्देशन में संचालित इन स्कूलों में प्रतिभाओं में निरंतर निखार आ रहा है।
आम आदमी के लिए सुगम शिक्षा उपलब्ध करा कर जहां मिशन ने अपने सेवा के संकल्प को पूरे उत्तर भारत में प्रतिपादित किया है। वहीं, इन स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सभी को प्रभावित किया है। मिशन के स्कूलों से निकले यह मेधावी प्रगति कर रहे हैं। एजुकेशन मिशन द्वारा संचालित पब्लिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय माध्यमिक बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं परीक्षा परिणामों में उकृष्ट प्रदर्शन किया है। जनपद देहरादून के समस्त विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 95 फीसद रहा।
नापी है मुट्ठी भर जमीन, अभी आसमान बाकी है
किसी ने सच कहा है कि विश्वास दृढ़ और हौसला बुलंद हो तो किसी भी विपत्ति से न सिर्फ पार पाया जा सकता है बल्कि सफलता भी कदम चूमती है। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में प्रदेश के कई बच्चों ने इसे चरितार्थ किया है। इन्हीं में से एक हैं दून की अदिति कुमारी, उन्होंने 96 फीसद अंकों के साथ स्कूल टॉप किया है। सफलता से गदगद अदिति का कहना है कि यह हौसला आगे भी बरकरार रहेगा। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं।
विपरीत परिस्थितियों में भी विवेकानंद स्कूल जोगीवाला की छात्रा अदिति ने 10वीं के परीक्षा परिणाम में बेहतर मुकाम हासिल किया है। अदिति के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। विवेकानंद स्कूल के प्रधानाचार्य एके सिंह ने बताया कि अदिति होनहार छात्र है। अदिति की पारिवारिक स्थिति को देखते हुए उनकी पूरी फीस माफ कर दी थी। पिछले दिनों लेखनी प्रतियोगिता में अदिति ने प्रथम स्थान हासिल कर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता था। एके सिंह ने बताया कि अदिति को 11वीं व 12वीं कक्षा में भी स्कॉलरशिप दी जाएगी। अदिति ने बताया कि उन्होंने शुरुआत से कभी ट्यूशन नहीं पढ़ा है। स्कूल के बाद पिता अनिल कुमार उनकी पढ़ाई में मदद करते थे।
सर्वर डाउन होने से छात्र रहे परेशान
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया। परिणाम जारी होने का इंतजार छात्र, अभिभावक और स्कूल सुबह से ही कर रहे थे। परिणाम जारी होने के बाद अचानक पड़े लोड के कारण आधे घंटे में ही सीबीएसई की वेबसाइट जबाव दे गई। करीब ढेड घंटे सर्वर स्लो रहा। जिसके बाद वापस स्पीड आ सकी। परिणाम देखने के लिए दोपहर से स्कूलों में शिक्षक जबकि घरों और साइबर कैफे में छात्र व अभिभावक इंतजार करते रहे। बार-बार बोर्ड की साइट पर जाकर परिणाम का इंतजार करते रहे। दोपहर में परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड की साइट क्रैश हो गई, जिसके बाद कुछ समय के लिए परिणाम का इंतजार कर रहे लोग परेशान रहे। सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि अचानक से लोड पड़ने के चलते साइट क्रैश हो गई थी। हालांकि शाम तक सभी ने परिणाम देख लिया था।
यह भी पढ़ें: CBSE 10th Result: सीबीएसई रिजल्ट में पिछड़े प्राइवेट स्कूल, केंद्रीय विद्यालय अव्वल