हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैया लाल की
तीर्थनगरी में शनिवार को भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। जन्माष्टमी पर लोगों ने मंदिरों में झांकिया बनाई जो आकर्षण का केंद्र रही।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : तीर्थनगरी में शनिवार को भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। जन्माष्टमी के लिए मंदिरों को खूबसूरत सजाया गया था। देर रात तक मंदिरों में झांकियां देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। जन्माष्टमी को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। राधा-कृष्ण के वेश में सजे नन्हे-मुन्हें बच्चे आकर्षण का केंद्र बने थे।
मधुबन आश्रम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व महा महोत्सव के रूप में मनाया गया। जिसमें शनिवार को प्रातकाल में मंगल आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। उसके बाद हरि नाम संकीर्तन का भव्य आयोजन गया। पूरे दिन श्रद्धालु कृष्णमय होकर भजन कीर्तन करते हुए नाचते गाते नजर आए। मधुबन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी परमानंद दास महाराज के सानिध्य में रात्रि 12 बजे तक धूमधाम से महोत्सव मनाया गया। मध्य रात्रि 12 बजे के बाद देवकीनंदन वासुदेव श्रीकृष्ण भगवान के प्रकट होते ही श्रद्धालु झूम उठे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नवीन बंसल, किरण झाड, राजेश वर्मा, आइटी मिश्रा, पवन जड़, आरएसएस के रुड़की प्रभारी ऋतुराज राजेश्वरी, प्रेम सिंह नेगी आदि शामिल रहे। वहीं नगर के मुख्य त्रिवेणी घाट पर श्रीगंगा सभा द्वारा श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ सुंदर झांकियां सजाई गई थी। यहां स्थित गंगा अवतरण, अर्जुन रथ, मां गंगा की मूर्तियों की लाइटों से भव्य सजावट सभी को आकर्षित कर रही थी। मंदिरों में प्रमुख रूप से मुखर्जी मार्ग स्थित गोपाल मंदिर को भी रंग बिरंगी लाइटों के साथ सजाया गया। इस दौरान शनिवार को पूरे दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन हुए। शाम को झांकियां सजाई गई।
धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
चोपड़ा फार्म स्थित ओम पब्लिक स्कूल में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विस अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने विधिवत रूप से किया। इस दौरान छात्रों की ओर से विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसके लिए प्रेम चंद अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान प्रेम चंद अग्रवाल ने विधायक निधि से विद्यालय को एक लाख रुपये का फर्नीचर व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। विस अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। अग्रवाल ने कृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण की विभिन्न लीलाओं और महिमा का उल्लेख भी किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक रमेश सकलानी, प्रधानाचार्य अरुणा सकलानी, बृजमोहन कंडवाल, भाजपा नेता संजीव चौहान, गौतम राणा, चक्रधर प्रसाद, सुग्रीव द्विवेदी, रमेश चंद्र लखेड़ा, गौतम राणा, ग्राम प्रधान सरोप सिंह आदि उपस्थित थे।