विज्ञान को दैनिक जीवन में अपनाएं छात्र-छात्राएं
संवाद सहयोगी, विकासनगर: भारत ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राओं में वि
संवाद सहयोगी, विकासनगर: भारत ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए इन दिनों सरकारी स्कूलों में विज्ञान मेला आयोजित कर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान की बारीकियां बताई जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल सभावाला में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। बीईओ वीपी ¨सह ने कहा कि विकास के लिए विज्ञान का उपयोग दैनिक जीवन में किया जाना जरूरी है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार हो सके। कहा कि विज्ञान का तात्पर्य सिर्फ वैज्ञानिकों द्वारा किए गए आविष्कारों से नहीं है बल्कि अपने आसपास मौजूद संसाधनों का उपयोग कर उन्हें आर्थिक संसाधनों में तब्दील करना विज्ञान है।
समिति के संदर्भदाता एसएस रावत ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अर्थ विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, खगोल शास्त्र से जुड़ी जानकारियां मुहैया कराई। साथ ही विज्ञान के घरेलू उपयोग की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को दैनिक जीवन में विज्ञान का उपयोग करने को प्रेरित किया। कहा कि पुराने घरेलू उपकरणों को आधुनिक रूप देकर छात्र-छात्राएं वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ ही ग्रामीण परिवेश को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीआर टमटा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र पुरोहित, कमरुद्दीन, विजय भट्ट, कमलेश खंतवाल, अग्रिम, नितेश, डॉ. उमा भट्ट आदि मौजूद रहे।