उन्नाव सांसद साक्षी महाराज बोले, पुलिसकर्मियों की हत्या की हो सीबीआइ जांच
सांसद साक्षी महाराज ने पुलिस कर्मियों की जघन्य हत्या मामले में सीबीआ जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास दुबे के पीछे बड़े चेहरे बेनकाब होने चाहिए।
ऋषिकेश, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के उन्नाव संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद साक्षी महाराज ने पुलिस कर्मियों की जघन्य हत्या मामले में सीबीआ जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास दुबे के पीछे बड़े चेहरे बेनकाब होने चाहिए। सांसद साक्षी महाराज ऋषिकेश में श्री भगवान आश्रम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पहुंचे थे।
साक्षी महाराज ने कहा कि कानपुर में एक बड़े पुलिस अधिकारी समेत पुलिस कर्मियों की जघन्य हत्या दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस मामले में आरोपित विकास दुबे की गिरफ्तारी प्रदेश सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है और सरकार को इसे चुनौती के रूप में ही स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हत्याकांड कोई मामूली घटना नहीं है। इस हत्याकांड की सीबीआइ जांच होनी चाहिए। बदमाश के पीछे जो भी बड़े चेहरे हैं वह बेनकाब होने जरूरी हैं।
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने ये भी कहा कि राजनेता पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत से ही अपराध पनपता है। इनमें से एक कड़ी भी टूट जाए, तो अपराध नहीं हो सकता। अपराध जगत में जो लोग आज जिंदा है वह बड़े लोगों के संरक्षण के कारण ही जिंदा है। सांसद साक्षी महाराज ने सवाल उठाया कि जब इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले विकास दुबे को आजीवन कारावास की सजा हुई, तो वह पैरोल पर कैसे छूट गया और इस अवधि में पुलिस ने उसकी निगरानी क्यों नहीं की।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने साइकिल रैली निकाल कर केंद्र सरकार का किया विरोध
पुलिस का अपना भी टॉप टेन बदमाशों का रजिस्टर होता है फिर क्यों इस बदमाश को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सरकार में जवाहर बाग मथुरा में एक आइपीएस समेत तीन लोगों की हत्या हुई तो हम लोगों ने इस मामले को मुखरता से उठाया, क्योंकि घटना से हम व्यथित थे। कानपुर का यह हत्याकांड जघन्य घटना है। इस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: अब देहरादून के रायपुर में नए विधानसभा भवन के लिए कसरत शुरू