देहरादून : सहारनपुर के पर्यटकों की कार खाई में गिरी, दंपती और तीन बच्चे घायल, घूमने के लिए आए थे चकराता
उत्तर-प्रदेश के सहारनपुर से चकराता घूमने आए पर्यटक दंपती की कार लगापोखरी के पास बर्फ के ऊपर फिसलने से खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती समेत उनके तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
संवाद सहयोगी, चकराता: उत्तर-प्रदेश के सहारनपुर से चकराता घूमने आए पर्यटक दंपती की कार लगापोखरी के पास बर्फ के ऊपर फिसलने से खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती समेत उनके तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उप्र के सहारनपुर निवासी अमित बहुगुणा अपनी पत्नी मुक्ता बहुगुणा, बेटी श्रुति, अनवी व पुत्र वैभव के साथ बर्फबारी का नजारा देखने बीते बुधवार को पर्यटन स्थल चकराता घूमने आए थे। बुधवार शाम को मसूरी जाते समय कार करीब पचास मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा होता देखकर ग्रामीणों ने खाई से पर्यटकों को निकालने के प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पर्यटकों को निकाल लिया गया। ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार देकर पर्यटकों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बर्फबारी के कारण खतरनाक हो रखी सड़क
बता दें कि पहाड़ों में बर्फबारी होने से सड़कें खतरनाक हो रखी हैं। रात में पाला पड़ने से सड़कों में फिसलन बढ़ जाती है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों से आ रहे पर्यटकों को वाहन चलाने में कठिनाई होती है। कई बार वे हादसे का शिकार भी हो जाते हैं।
2014 में कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह की पुलिस एस्कार्ट की गाड़ी गिरी थी खाई में
बता दें कि वर्ष 2014 में भी तत्कालीन मंत्री प्रीतम सिंह का काफिला चकराता जा रहा था। इस दौरान चकराता से पहले कोरवा में उनके काफिले में चल रही पुलिस एस्कार्ट की गाड़ी बर्फ में फिसल कर खाई में गिर गई थी। जिसे सेना के जवानों की मदद रेस्क्यू किया गया था।
चकराता में नायब सूबेदार की मौत
छावनी क्षेत्र चकराता में तैनात एक नायब सूबेदार की अचानक मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार भाटी ने बताया नायब सूबेदार खाना खाकर सो रहे थे, जिन्हें ड्यूटी पर जाने को जगाने गए साथी ने अचेत अवस्था में देखा। इसकी सूचना अधिकारियों को दी। मिलिट्री अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम ने नायब सूबेदार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्ट मार्टम के लिए विकासनगर की मोर्चरी में रखवाया है। थानाध्यक्ष ने कहा पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।