अभिमन्यु सिंह को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर
राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआइएमसी) के 27 कैडेट शुक्रवार को पास आउट हुए। इस दौरान अभिमन्यु सिंह को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
जागरण संवाददाता, देहरादून: राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआइएमसी) के 27 कैडेट शुक्रवार को पास आउट हुए। महानिदेशक (वर्क्स एंड सेरेमोनियल्स) एयर मार्शल एमएसजी मेनन ने थिमैया सभागार में आयोजित 185वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने पास आउट कैडेटों को शुभकामना देते हुए उन्हें सफलता का गुरुमंत्र दिया। उन्होंने हमेशा देश सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित भी किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट अभिमन्यु सिंह को प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। राजस्थान के जयपुर के रहने वाले अभिमन्यु सिंह का प्रदर्शन अपने बैच में बेस्ट रहा। उनके पिता तेजपाल सिंह व्यवसायी हैं। वेवल स्वॉर्ड कैडेट अभिमन्यु घोरपड़े को प्रदान किया गया। इससे पहले आरआइएमसी के कमांडेट कर्नल विवेक शर्मा ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने पास आउट हो रहे कैडेटों को शुभकामना देते हुए कहा कि वह कॉलेज में प्राप्त शिक्षा व सैन्य प्रशिक्षण का लाभ भावी सैन्य जीवन में उठाएं। पासिंग आउट बैच के कैडेटों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस दौरान उत्तराखंड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल भाष्कर कलीता, संयुक्त मुख्य जल सर्वेक्षक रियर एडमिरल अधीर अरोड़ा, ब्रिगेडियर एएए सिन्हा, ग्रुप कैप्टन सुखेन समेत सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, कॉलेज के शिक्षक-प्रशिक्षक व कैडेटों के परिजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। अवॉर्ड-कैडेट
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर-अभिमन्यु सिंह
वेवल स्वॉर्ड-अभिमन्यु घोरपड़े
ले. जनरल एसएस ढिल्लन ट्रॉफी-राघवेंद्र सिंह बघेल (बेस्ट इन एटीट्यूट)
कर्नल डीएच प्रणब ट्राफी-शाश्वत शर्मा (मोस्ट हेल्पफुल)
जीओसी उत्तर भारत एरिया ट्रॉफी-अभिमन्यु घोरपड़े (बेस्ट इन लीडरशिप)
मेजर जनरल मनोहरन ट्रॉफी-वैशाल कृष्णा (बेस्ट इन कम्प्यूटर)
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप