दुर्घटना में सवार की मौत, एक घायल
ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला मार्ग पर चंद्रभागा पुल के निकट सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला मार्ग पर चंद्रभागा पुल के निकट सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आवास विकास कालोनी निवासी यश त्यागी (21 वर्ष) पुत्र महेश त्यागी अपने साथी चंद्रेश्वर नगर निवासी रवि कांत (23 वर्ष) पुत्र रमाकांत के साथ लक्ष्मणझूला की ओर से बाइक पर ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। चंद्रभागा पुल के निकट सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट ले लिया। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें 108 आपात सेवा द्वारा राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां यश त्यागी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रविकांत की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया। वही, एक और अज्ञात 10 वर्षीय बच्चे को घायल अवस्था में राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
-----------
घूमने आये त्यूणी के दो युवक घायल
गणतंत्र दिवस पर त्यूणी से तीर्थनगरी ऋषिकेश घूमने आए स्कूटर सवार दो युवक सड़क हादसे में घायल हो गए। चीला बैराज मार्ग पर अज्ञात वाहन ने स्कूटर को टक्कर मारी। घायलावस्था में दोनों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक बीते बुधवार को त्यूणी से कुछ युवा सैर सपाटे के लिए ऋषिकेश आए थे, सभी दुपहिया वाहन पर सवार थे। देर शाम सभी चीला बैराज रोड से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, इसी बीच कुनाऊं पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटर सवार छिटककर सड़क पर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए। 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से घायलों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया। घायलों की पहचान सागर (21 वर्ष) पुत्र अमर सिंह, विनय (18 वर्ष) पुत्र हरीशचंद्र निवासी त्यूणी, देहरादून के रूप में की गई है।