देहरादून शहर के बाकी 31 वार्ड भी किए गए सैनिटाइज, आमजन को किया जागरूक
शहर में कोविड कर्फ्यू के दौरान चलाए तीन दिन के सैनिटाइजेशन अभियान में बुधवार को नगर निगम ने बाकी बचे 31 वार्ड भी सैनिटाइज किए। इससे पूर्व सोमवार व मंगलवार को दो क्रम में 69 वार्ड सैनिटाइज किए गए थे।
जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर में कोविड कर्फ्यू के दौरान चलाए तीन दिन के सैनिटाइजेशन अभियान में बुधवार को नगर निगम ने बाकी बचे 31 वार्ड भी सैनिटाइज किए। इससे पूर्व सोमवार व मंगलवार को दो क्रम में 69 वार्ड सैनिटाइज किए गए थे। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने वार्डों में निरीक्षण कर अभियान की जानकारी ली व आमजन को जागरूक किया। अभियान की जिम्मेदारी वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके सिंह के हवाले रही।
नगर आयुक्त ने बताया कि तीन दिन के इस अभियान में नगर निगम ने करीब छह लाख लीटर दवा मिश्रण का छिड़काव और फॉगिंग की। आयुक्त ने बताया कि कोरोना के साथ ही डेंगू की रोकथाम भी जरूरी है और इसलिए शहर में सैनिटाइजेशन समेत फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा। बुधवार को इंद्रानगर, सीमाद्वार, कांवली, मेहूंवाला, सेवलाकलां, पित्थूवाला, हरभजवाला, चंद्रबनी, आरकेडिया प्रथम, आरकेडिया द्वितीय, रेसकोर्स उत्तर, डालनवाला उत्तर, डालनवाला पूरब, डालनवाला दक्षिण, देहराखास, विद्या विहार, ब्रह्मपुरी, लोहियानगर, रेस्टकैंप, रेसकोर्स दक्षिण, कौलागढ़, बल्लूपुर, विजय पार्क, वसंत विहार, पंडितवाड़ी, इंद्रापुरम व पटेलनगर में सैनिटाइजेशन किया। सुबह आठ बजे से निगम टीमों ने अभियान शुरू किया, जो शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान नगर आयुक्त ने करीब एक दर्जन वार्डो में पहुंच निरीक्षण किया।
रेलवे स्टेशन किया सैनिटाइज
अग्निशमन विभाग ने रेलवे स्टेशन पर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। फायर स्टेशन ऑफिसर सुरेंद्र चंद्र ने बताया कि सोडियम हाइपो क्लोराइड से युक्त मिश्रण को मिनी फायर टेंडर से हाई प्रेशर पंप से छिड़का जा रहा है। जिसमें रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया गया। शिमला बाईपास रोड, आइएसबीटी चौक, आदर्श विहार कॉलोनी, निरंजनपुर मंडी, प्रिंस चौक आदि स्थानों पर भी अभियान चलाया गया।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें