राहत: विकासनगर-सहारनपुर रूट की बस सेवा शुरू
विकासनगर लॉकडाउन के समय से बंद चल रही सहरानपुर-विकासनगर रूट की प्राइवेट बसों का संचालरान शनिवार से शुरू कर दिया गया।
संवाद सहयोगी, विकासनगर: लॉकडाउन के समय से बंद चल रही सहरानपुर-विकासनगर रूट की प्राइवेट बस सेवा को शासन ने संचालन की अनुमति दे दी है। बसों के संचालन में मिली छूट के चलते बस मालिक व यूनियन पदाधिकारियों ने आभार व्यक्त किया। उधर, बस सेवा के शुरू हो जाने से उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों व स्थानीय व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली है।
मार्च के अंतिम सप्ताह में लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही पछवादून, जौनसार-बावर, उत्तरकाशी व टिहरी के कई क्षेत्रों की लाइफ लाइन मानी जाने वाली सहारनपुर-विकासनगर रूट की बस सेवा को बंद कर दिया गया था। हालांकि अनलॉक में क्रमवार सभी क्षेत्रों में काफी ढील दी गई, लेकिन बसों का संचालन शुरू नहीं किया जा सका। जिसके चलते क्षेत्र के निवासियों व विकासनगर क्षेत्र के व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों के संचालन के लिए बस यूनियन के पदाधिकारी शासन स्तर पर काफी दिनों से प्रयास कर रहे थे। शासन के माध्यम से बसों के संचालन की अनुमति मिल जाने से सभी ने राहत महसूस की है। अनुमति मिलने के तुरंत बाद नगर के मेन बाजार स्थित सहरानपुर बस अड्डे से बस को सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान बस यूनियन के स्थानीय प्रभारी मुनीर अहमद ने बताया कि शनिवार को आंशिक रूप से बसों का संचालन शुरू किया गया है। जबकि रविवार से विधिवत बसों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान मोहम्मद आबिद, चौधरी महक सिंह, मुकेश त्यागी, रविद्र कुमार, इस्लाम हामिद, नीरज बंसल आदि ने बसों के संचालन का आदेश जारी करने पर सरकार का आभार जताया है।