ऋषिकेश : जीएमवीएन यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट करने का विरोध
आम आदमी पार्टी (आप) ने जीएमवीएन यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट करने का विरोध किया है। कहा अगर ऐसा किया गया तो इसका हर संभव विरोध किया जाएगा। पर्यटन का हब ऋषिकेश में होने का मुख्य कारण यात्रा कार्यालय की गतिविधियां रही है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल विकास निगम के ऋषिकेश में स्थित यात्रा कार्यालय को देहरादून में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने यात्रा करने को यहां से शिफ्ट किए जाने की कार्रवाई का विरोध किया है। सोमवार को आप की बैठक में पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी डा. राजे सिंह नेगी ने कहा कि चारधाम यात्रा के मुख्य द्वार ऋषिकेश से गढ़वाल मंडल विकास निगम का कार्यालय देहरादून शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। अगर ऐसा किया गया तो इसका हर संभव विरोध किया जाएगा। पर्यटन का हब ऋषिकेश में होने का मुख्य कारण यात्रा कार्यालय की गतिविधियां रही है। जिससे यहां का पर्यटन पला ओर बढ़ा है।
ज्ञात हुआ है कि यात्रा कार्यालय को मुख्यालय शिफ्ट करने की कवायद काफी जोरो से चल रही है। उन्होंने कहा ये तुगलकी फरमान पर्यटन को मजबूती प्रदान नही करेगा, बल्कि इससे निगम को भारी नुकसान हो सकता है। इसका मूल्यांकन वर्ष 2018 में निगम प्रबन्धन भुगत चुका है जब निगम के स्वागत पटल, आवास आरक्षण को देहरादून में शिफ्ट किया गया। बाद में जन विरोध और लगातार नुकसान को देखते हुए पहले स्वागत पटल को ऋषिकेश वापस कर एक वर्ष में ही आवास आरक्षण को ऋषिकेश शिफ्ट कर दिया गया। निगम प्रबंधन को जन भावनाओं के मध्यनजर यात्रा कार्यालय को ऋषिकेश में ही हर पहलू से संचालित करने की पहल करनी चाहिए।
मौके पर संगठन मंत्री दिनेश असवाल, अजय रावत, प्रभात झा, सुनील सेमवाल, गोविंद रावत, कमलेश्वर जखमोला, चन्द्र मोहन भट्ट, मनमोहन नेगी आदि उपस्थित थे।
----------------------------------
उक्रांद में नेगी व तोपवाल को मिली अहम जिम्मेदारी
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने केंद्रीय कार्यकारिणी में विस्तार करते हुए तीन नेताओं को कार्यकारिणी में जगह दी है। उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने शूरवीर सिंह नेगी को केंद्रीय संगठन सचिव तथा केंद्रपाल सिंह तोपवाल को केंद्रीय प्रचार सचिव बनाया है।
शूरवीर सिंह नेगी गढ़वाल रेजीमेंट में 30 साल सेवा पूरी करने के बाद उक्रांद से जुड़े हैं। केंद्रपाल सिंह तोपवाल इससे पहले उक्रांद परवादून, देहरादून के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उक्रांद के डोईवाला विधानसभा प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन ओर मजबूत हुआ है।
यह भी पढ़ें:- चारधाम देवस्थानम बोर्ड के विरोध में गंगोत्री बाजार बंद, गंगाजल ले जाने तक को नहीं मिल रहे बर्तन