पाकिस्तान सीमा से लापता जवान राजेंद्र की सलामती के लिए दुआओं का दौर
पिछले छह दिन से लापता सेना के हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी का अब तक कोई पता नहीं चला है। उनकी सलामती और वतन वापसी के लिए लोग दुआएं कर रहे हैं।
देहरादून, जेएनएन। पिछले छह दिन से लापता सेना के हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी का अब तक कोई पता नहीं चला है। 11वीं गढ़वाल राइफल्स का यह जवान वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में तैनात था। बीती आठ जनवरी को वह बर्फ में फिसलकर पाकिस्तान सीमा में पहुंच गया था। सैन्य टुकड़ी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लापता जवान की खोजबीन में जुटी हुई है। सही जानकारी नहीं मिलने से जवान के स्वजन दिन-रात परेशान हैं।
अंबीवाला सैनिक कॉलोनी स्थित जवान के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। पूर्व सैनिक व आसपास के लोग हवलदार राजेंद्र की मां, पत्नी, बच्चों को ढाढस बंधा रहे हैं। पैतृक गांव से भी सगे-संबंधी व नाते-रिश्तेदार देहरादून पहुंच गए हैं।
बता दें, हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी मूलरूप से जनपद चमोली के आदिबद्री क्षेत्र के पजियाणा गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी व तीन बच्चे अंबीवाला स्थित सैनिक कॉलोनी में रहते हैं। वह वर्ष 2002 में गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग गुलमर्ग में थी। जहां पर पिछले दिनों भारी बर्फबारी हुई है और सामने ही पाकिस्तान की सैन्य पोस्ट भी है। किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों के आंसू थम नहीं रहे हैं।
जवान की यूनिट के अधिकारियों से मिल रही सूचना से भी परिजन संतुष्ट नहीं हैं। सोमवार सुबह भी हवलदार राजेंद्र के भाई की टेलीफोन पर यूनिट के एज्युडेंट से बात हुई है। जिन्होंने बताया कि जवान की खोजबीन जारी है। जवान के परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें जल्द ही सही सूचना नहीं मिलती है तो वह दिल्ली जाएंगे।
रक्षा मंत्रालय के संपर्क में राज्य सरकार
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि राज्य सरकार इस घटना को लेकर लगातार रक्षा मंत्रालय के संपर्क में है। राज्य सरकार के स्तर से जो भी मदद होगी वह की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जवान की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान सीमा पर लापता हवलदार राजेंद्र सिंह के घर में पसरा है सन्नाटा
बीती रविवार को सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के नेतृत्व में हवलदार राजेंद्र सिंह के पिता रतन सिंह नेगी व अन्य पारिवारिक सदस्य मुख्यमंत्री से मिले थे और मांग की थी कि उनके बेटे को सकुशल वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से बात की जाए। वहीं, सोमवार को कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी भी जवान के अंबीवाला स्थित घर पहुंचे और उनके पारिवारिक सदस्यों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें: बर्फीले तूफान में दोस्त के लापता होने की सूचना खींच लाई दून
सोशल मीडिया पर भी वतन वापसी की दुआ
बर्फ में फिसलकर पाक सीमा में गिरे हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी की सकुशल वतन वापसी की मांग सोशल मीडिया पर भी की जा रही है। लोग फेसबुक, व्हट्सएप आदि पर जवान की वतन वापसी के लिए दुआ कर रहे हैं। सरकार से मांग की जा रही है जिस तरह विंग कमांडर अभिनंदन को पाकिस्तान से सकुशल वतन वापस लाया गया था उसी तरह हवलदार राजेंद्र को भी सकुशल लाया जाए।
यह भी पढ़ें: देहरादून का लाल हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी पाकिस्तान सीमा पर लापता