मास्क पहनकर निकल रहे लोग भी कोरोना वॉरियर : डीएम डॉ. आशीष श्रीवास्तव
जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने ऐसे व्यक्तियों को कोरोना वॉरियर व प्रशासन का सहयोगी बताया है जो मास्क पहनकर बाहर निकल रहे हैं।
देहरादून, जेएनएन। जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने ऐसे व्यक्तियों को कोरोना वॉरियर व प्रशासन का सहयोगी बताया है जो मास्क पहनकर बाहर निकल रहे हैं। वहीं, बिना मास्क पहने व्यक्तियों को समाज का दुश्मन बताते हुए कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी जारी किए हैं। रविवार को ऐसे 753 व्यक्तियों के चालान भी किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना वॉरियर सिर्फ वही व्यक्ति नहीं है जो संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रत्यक्ष रूप से काम कर रहा है। कोरोना वॉरियर वह लोग भी हैं जो सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहन रहे हैं और शारीरिक दूरी के नियमों का पूरा पालन कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति प्रशासन के आदर्श सहयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अनिवार्य रूप से पहना जाना चाहिए। हालांकि, यह भी देखने में आ रहा है कि तमाम लोग बिना मास्क के ही घूम रहे हैं। ऐसे व्यक्तियों का चालान काटा जाए और नियमों का अधिक उल्लंघन पाए जाने पर मुकदमा भी दर्ज किया जाए।
जिलाधिकारी के संज्ञान में यह भी आया है कि कई कारोबारी या उनके कर्मचारी मास्क पहने बिना ही सामान बेच रहे हैं। इसे गंभीर मानते हुए चालान करने या आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने को कहा गया। इसके अलावा चिकित्सालयों या अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कराने के भी निर्देश जारी किए गए।
कोरोना संक्रमण से बचाव को किया सैनिटेशन
देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर जूलो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेनिटेशन अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने दवा का छिड़काव कर स्थानीय निवासियों को संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के दिशा निर्देश पर अभियान में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से समस्याओं के प्रति भी वार्ता की। इसमें मुख्य रूप से ग्रामीणों ने स्वच्छता के मुद्दे को उठाया और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: कोरोना संक्रमण के मामले में हरिद्वार ने देहरादून को पीछे छोड़ा
कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क व सैनिटाइजर के प्रयोग में कोताही नहीं बरतने व शारीरिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन करने की अपील की। अभियान में जिला नियोजन समिति सदस्य यशपाल सिंह नेगी, एंटी कोरोना टास्क फोर्स के प्रदेश सचिव मातबर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरस्वाण, ग्राम प्रधान दीपक जोशी, शिवा भारद्वाज, कृति भट्ट आदि शामिल रहे।