चीनी कंपनियों के दान पर पीएम जवाब दें: प्रीतम
राजीव गांधी फाउंडेशन पर भाजपा के तीखे हमले के पलटवार को सोमवार को कांग्रेस का प्रदेश संगठन आगे आया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
राजीव गांधी फाउंडेशन पर भाजपा के तीखे हमले के पलटवार को सोमवार को कांग्रेस का प्रदेश संगठन आगे आया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पीएम केयर्स फंड में चीनी कंपनियों की ओर से दान राशि को लेकर सवाल खड़े किए।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। भाजपा के आरोपों के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का प्रमाणपत्र भाजपा से लेने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री को चीन को लेकर तस्वीर साफ करनी चाहिए। चीन के शत्रुतापूर्ण व्यवहार के बावजूद उनकी कंपनियों से दान के रूप में धन लेने के बारे में प्रधानमंत्री को देश की जनता को बताना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सीमा पर चीन की दुस्साहसपूर्ण घुसपैठ को केंद्र सरकार खारिज करती आ रही है। इससे चीन के एजेंडे को बल मिल रहा है। चीन के प्रति प्रधानमंत्री का हृदय नरम है। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने चार बार चीन की यात्रा की। चीनी कंपनियों से मिले दान को लेकर उन्होंने सात आरोप प्रधानमंत्री पर लगाए। प्रीतम सिंह ने पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में लगातार इजाफे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखे हमले बोले।
इनसेट:
आंदोलन में कर्मचारियों के
साथ है कांग्रेस: इंदिरा
देहरादून: नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने राज्य कर्मचारियों का प्रतिमाह एक दिन का वेतन काटने का विरोध किया है। कर्मचारियों के प्रति कांग्रेस का समर्थन व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी संगठनों के आदोलन में पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगी। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को चेतावनी दी कि कोरोना महामारी के संकट के समय कांग्रेस को आंदोलन के लिए बाध्य न करे। कर्मचारियों के वेतन से उनकी सहमति के खिलाफ की गई कटौती तत्काल वापस की जानी चाहिए।