बस संचालित नहीं होने से परेशान हो रहे राहगीर
कालसी कालसी से देहरादून सफर करने वाले यात्रियों के लिए पांच साल पहले पांच बसों का संचालन ठप हो गया है। इससे यात्रियों को जद्दोजहद उठानी पड़ रही है।
संवाद सूत्र, कालसी: कालसी से देहरादून सफर करने वाले यात्रियों के लिए पांच साल पहले पांच बसों का संचालन होता था, लेकिन फिर उसे बंद कर दिया गया। इसके चलते इन दिनों यात्रियों को वाहन के इंतजार में बड़ी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
कालसी से देहरादून जाने वाले यात्रियों को पहले निजी वाहनों व अन्य साधनों के जरिए विकासनगर आना पड़ता है। यहां प्राइवेट बसों में बैठकर यात्री देहरादून तक का सफर कर रहे हैं, जबकि देहरादून से वापसी में कई बार विकासनगर से किराये पर वाहन लेकर कालसी तक जाना पड़ता है। कारण इस रूट पर जवाहर लाल नेहरू अर्बन रूरल मिशन की बसों का संचालन बंद होना है।
पांच साल पूर्व कालसी से देहरादून तक हर रोज सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जेएनयूआरएम ने पांच बसों का संचालन शुरू किया था, जिनका संचालन कालसी व देहरादून से एक साथ सुबह छह बजे से शुरू हो जाता था। इन बसों के संचालन से सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले नौकरीपेशा व्यक्तियों के साथ ही काश्तकारों को भी मंडी तक नगदी फसलों को पहुंचाने में सहूलियत मिलती थी। जबकि जनजाति क्षेत्र के देहरादून के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए भी बसें सुगम यातायात का एकमात्र जरिया थीं। पांच वर्ष पूर्व अचानक बसों का बेड़ा घटाकर एक कर दिया गया। इसके एक माह बाद सभी बसों का संचालन बंद कर दिया गया। हालांकि मिशन एक बस का संचालन सुचारू रखने का दावा कर रहा है, मगर बस सप्ताह में एक या दो दिन ही संचालित हो रही है। बसों का संचालन बंद होने से सबसे अधिक फजीहत हर रोज सरकारी दफ्तर जाने वाले कर्मियों के साथ ही छात्र-छात्राओं को झेलनी पड़ रही है। इतना ही नहीं वापसी में शाम होने पर उन्हें विकासनगर से कालसी के लिए वाहन नहीं मिलते हैं, जिससे उन्हें दिक्कतों सामना करना पड़ता है।