भराड़ीसैंण में महिलाओं और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल
चमोली जिले में नंदप्रयाग-घाट मार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रही महिलाओं और ग्रामीणों पर इसी एक मार्च को दिवालीखाल (भराड़ीसैंण) में हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्षी दलों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस आप और उक्रांद ने प्रदेश सरकार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। चमोली जिले में नंदप्रयाग-घाट मार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रही महिलाओं और ग्रामीणों पर इसी एक मार्च को दिवालीखाल (भराड़ीसैंण) में हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्षी दलों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, आप और उक्रांद ने प्रदेश सरकार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना की अगुआई में गांधी पार्क में धरना दिया। इस दौरान सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सड़क चौड़ीकरण के लिए तीन माह से आंदोलनरत ग्रामीणों को आंदोलनजीवी करार दिया। संसदीय कार्य मंत्री मदन कौशिक ने ग्रामीणों की ओर से पहले पुलिस पर हमला करने का आरोप लगाया। इससे साबित होता है कि ग्रामीणों व महिलाओं पर लाठीचार्ज सरकार के इशारे पर ही किया गया। साथ ही कहा कि सरकार ने ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के बजाय पुलिस का इस्तेमाल कर मातृशक्ति को अपमानित किया है। मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश मामले को ठंडा करने की साजिश है। धरना देने वालों में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. आरपी रतूड़ी, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, प्रदेश सचिव अर्जुन कुमार आदि मौजूद रहे।
उक्रांद करेगी प्रदेशव्यापी आंदोलन
दिवालीखाल में हुई घटना के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष एक दिन का उपवास रखा और मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग की। दल ने इस मसले पर प्रदेशव्यापी आंदोलन का एलान किया है। दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि जिस मातृशक्ति की बदौलत राज्य मिला, आज सरकार के इशारे पर उसे पीटा जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक है। संरक्षक बीडी रतूड़ी ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार अपनी नैतिकता खो चुकी है। केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरीश पाठक ने कहा कि यह सरकार पहाड़ विरोधी है और मातृशक्ति का अपमान कर रही है। इस मौके पर लताफत हुसैन, सुरेंद्र कुकरेती, देवेंद्र कंडवाल, किशन मेहता, जयप्रकाश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों से माफी मांगें सीएम
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता ओं ने कचहरी स्थित शहीद स्थल पर प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से आंदोलनकारियों से माफी मांगने की मांग की। पार्टी की उपाध्यक्ष रजिया बेग ने कहा, प्रदेश सरकार निर्दोष आंदोलनकारियों पर भी लाठी चलवा रही है। इस दौरान उपाध्यक्ष विशाल चौधरी, उमा सिसोदिया, रविंद्र आनंद समेत अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें-पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा- महिलाओं से माफी मांगे सरकार
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें