लोकसभा चुनाव खर्च का विवरण न देने वाले सात प्रत्याशियों को नोटिस
टिहरी और हरिद्वार सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले सात प्रत्याशियों ने निर्धारित समय के भीतर खर्चों का विवरण नहीं दिया है। ऐसे में उन्हेें नोटिस जारी कर दिए हैं।
देहरादून, जेएनएन। टिहरी और हरिद्वार सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले सात प्रत्याशियों ने निर्धारित समय के भीतर खर्चों का विवरण नहीं दिया है। अब संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों ने प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
अब इन प्रत्याशियों को आठ जुलाई तक भारत निर्वाचन आयोग के नई दिल्ली कार्यालय में पूरा विवरण देना होगा। इसकी एक प्रति जिला निर्वाचन विभाग को भी देनी होगी। इधर, पौड़ी लोकसभा सीट पर चार प्रत्याशियों ने चुनाव खर्चों का विवरण नहीं दिया है।
चुनाव अधिकारी डीएस गबरियाल ने बताया कि सीपीआइ के डा.मुकेश सेमवाल, निर्दलीय आनंदमणी जोशी, डा.रामेंद्र भंडारी, व विनोद प्रसाद नौटियाल को नोटिस जारी किया गया है।
टिहरी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को मतगणना के 30 दिन यानि 22 जून तक खर्चों का पूरा विवरण देना था। इसके लिए लेखा समिति की कई बैठकें हुई। मगर, 16 में से 12 प्रत्याशी ही अपना खर्च विवरण दे पाए।
अब निर्धारित सीमा के भीतर निर्वाचन व्यय लेखा पंजिका मूल में, मूल स्व: हस्ताक्षरित एवं क्रमांकित बाउचर्स, निर्वाचन व्यय के लिए खोले गए खाते, निर्धारित प्रारूप भाग-4 पर शपथ पत्र न देने पर इन प्रत्याशियों पर भविष्य में चुनाव लड़ने पर रोक लग सकती है।
टिहरी सीट पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों में उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की प्रत्याशी अनु पंत, सर्व विकास पार्टी के प्रत्याशी गौतम सिंह बिष्ट, उत्तराखंड क्रांति दल के जयप्रकाश उपाध्याय एवं निर्दलीय प्रत्याशी मधुशाह निर्वाचन व्ययों का लेखा दाखिल करने में असफल रहे हैं। इनकों नोटिस जारी किया गया है।
इसी तरह हरिद्वार सीट पर उक्रांद प्रत्याशी सुरेंद्र उपाध्याय, निर्दलीय मनीष वर्मा और बच्ची सिंह शामिल हैं। अब इन प्रत्याशियों को व्यय लेखा आठ जुलाई से पहले भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन सदन अशोक रोड, नई दिल्ली को लिखित पत्र प्रस्तुत कर देना होगा। इसकी एक प्रति निर्वाचन अधिकारी को भी देनी होगी।
भाजपा प्रत्याशी ने पूरे चुनाव में खर्च किए 56 लाख
टिहरी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले 11 प्रत्याशियों ने चुनाव में हुए खर्चों का पूरा ब्योरा दे दिया है। इसमें सबसे ज्यादा खर्चा भाजपा की माला राज्यलक्ष्मी शाह ने 56 लाख रुपये खर्च किए हैं। दूसरे नम्बर पर कांग्रेस के प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने 40 लाख तो 10 हजार वोट पाने वाले निर्दलीय प्रत्याशी गोपालमणी महाराज ने 35 लाख रुपये खर्च किए हैं।
लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा किए गए खर्चों का मिलान करने के बाद टिहरी के निर्वाचन अधिकारी ने अंतिम आंकड़ा प्रस्तुत कर दिया है। व्यय पर्यवेक्षक के समक्ष जो खर्चों का मिलाना किया गया, उसी के आधार पर यह आंकड़े पेश किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए 70 लाख रुपये तक खर्च करने की सीमा रखी गई थी। टिहरी लोकसभा सीट पर 15 प्रत्याशी चुनाव लड़े थे। इसमें से 11 ने खर्च का ब्योरा दिया। इनमें भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय गोपालमणी के अलावा राजेंद्र पुरोहित, सत्यपाल (बसपा), संजय कुंडलिया, बृजभूषण कर्णवाल, ब्रह्मदेव झा, संजय गोयल और सरदार खान शामिल हैं।
कांग्रेस ने 50 और भाजपा ने 25 लाख
चुनाव विवरण में कांग्रेस ने 50 लाख तो भाजपा ने 25 लाख प्रत्याशी को चुनाव लड़ने के लिए दिए थे। यह विवरण दोनों पार्टी के प्रत्याशियों ने अपने दस्तावेजों में दिया है। इसके साथ ही सीपीआई के राजेंद्र पुरोहित को भी पार्टी ने प्रचार के लिए दो लाख रुपये दिए।
यह भी पढ़ें: यहां प्रत्याशियों का नाम तुरंत जोड़ा, वोटरों को कटाए चक्कर; जानिए
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने की जरूरत: अजय भट्ट Dehradun News
यह भी पढ़ें: अजय भट्ट बोले, औली विवाद पर सरकार की ओर से नहीं हुई सही पैरवी
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप