लोकसभा चुनाव तक टली नई कार्यकारिणी की घोषणा
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा एक बार फिर लंबे समय के लिए टल गई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा एक बार फिर लंबे समय के लिए टल गई है। लोकसभा चुनाव के मौके पर पार्टी में असंतोष को रोकने के लिए पार्टी हाईकमान ने यह रुख अपनाया है। अब लोकसभा चुनाव के बाद ही नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम को अपनी टीम के लिए अब लंबा इंतजार करना होगा। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी लोकसभा चुनाव के मौके पर किसी भी तरह के असंतोष से बचना चाह रही है। इससे पहले बीते पखवाड़े में ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा को तकरीबन पक्का माना जा रहा था। इसे लेकर पार्टी में विभिन्न स्तर पर कड़ी मशक्कत भी की गई थी। दरअसल पार्टी में वर्चस्व को लेकर अंदरखाने छिड़ी जंग के चलते पिछले लंबे अरसे से गुटीय खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। लोकसभा चुनाव के अवसर पर ये खींचतान और तेज होने के आसार देखते हुए पार्टी हाईकमान ने पूरी सावधानी बरतने का निर्णय लिया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश की नई कार्यकारिणी में सबको खुश करने की कोशिश में इसका आकार बढ़ाने पर सहमति बन चुकी है। इससे पहले पार्टी की ओर से छोटी कार्यकारिणी रखने पर सहमति दी थी। अब पार्टी के भीतर सबको साधने और तालमेल कायम करने की रणनीति के चलते प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा को टाल दिया है। मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा अब चुनाव के बाद की जाएगी।