उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ: बीसी जोशी अध्यक्ष और एससी भट्ट बने महामंत्री
उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ के अधिवेशन के दौरान हुए चुनाव में सर्वसम्मति से भुवन चंद्र जोशी को अध्यक्ष व सुरेश चंद्र भट्ट को महामंत्री चुना गया।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ के अधिवेशन के दौरान हुए चुनाव में सर्वसम्मति से भुवन चंद्र जोशी को अध्यक्ष व सुरेश चंद्र भट्ट को महामंत्री चुना गया। इससे पूर्व अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अपर निदेशक सूचना डॉ. अनिल चंदोला ने विभागीय कार्मिकों की सहायता के लिए कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना करने और रचनात्मक कार्यों में भी योगदान देने का सुझाव दिया।
सूचना भवन स्थित सभागार में उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ के अधिवेशन का आयोजन किया गया। अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व अपर निदेशक डॉ. अनिल चंदोला ने कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना करने के साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों से अंशदान दिए जाने की अपेक्षा की। उन्होंने अपने वेतन से प्रतिमाह 1100 रुपये अंशदान देने की भी घोषणा की।
यह भी पढ़ें: एनएसयूआइ ने एमकेपी में नहीं होने दी आंतरिक परीक्षा, पढ़िए पूरी खबर
कार्यक्रम को संयुक्त निदेशक राजेश कुमार व आशीष त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। अधिवेशन के द्वितीय सत्र में कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। इसमें सर्वसम्मति से भुवन चंद्र जोशी को अध्यक्ष, सुषमा को उपाध्यक्ष, सुरेश चंद्र भट्ट को महामंत्री, प्रशांत रावत को संयुक्त मंत्री, चेतन पांडेय व अंकित चौहान को संगठन मंत्री, राकेश कुमार धीमान को कोषाध्यक्ष, प्रमोद तिवारी को संयोजक, बहादुर सिंह कन्याल को प्रचार मंत्री चुना गया। इसके अलावा रामपाल सिंह रावत, गिरीजाशंकर जोशी, रणजीत सिंह बुदियाल, दीपेंद्र सिंह रावत, मनोज कुमार सती, सुनील तोमर, पारूल, संतोषी नेगी, विपिन चंद्र और रामसिंह परजोली को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
यह भी पढ़ें: आयुष छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस