राष्ट्रीय खेलों को केंद्रीय वित्त मंत्री से मिलेंगे सीएम
राज्य ब्यूरो देहरादून उत्तराखंड में वर्ष 2021 में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश सर
राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2021 में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र से 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की तरफ से एक पत्र केंद्रीय वित्त मंत्री को भेजा जा चुका है। अब जल्द ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, खेल मंत्री अरविंद पांडेय और मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात करेगा।
गुरुवार को सचिवालय में खेल मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन को वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए केंद्र सरकार से समय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेलों को सफल एवं प्रभावशाली बनाने के लिए मिशन मोड पर कार्य किया जाए। राष्ट्रीय खेलों के वृहद स्वरूप को देखते हुए कार्यो का विभाजन करने के साथ ही इनका उच्च स्तरीय अनुश्रवण साप्ताहिक आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों संग बैठक कर इसकी रूपरेखा भी तय की जाए। इससे पूर्व सचिव खेल बृजेश कुमार संत ने राष्ट्रीय खेलों के लिए की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल व आयोजन स्थलों का चयन करते हुए एक मास्टर प्लान तैयार कर भारतीय ओलंपिक संघ को भेजा जा चुका है। बैठक में खेल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।