शादी का झांसा देकर विधवा से किया दुष्कर्म, आरोपित फरार
क्लेमेनटाउन क्षेत्र की एक महिला ने मेरठ के व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
देहरादून, जेएनएन। क्लेमेनटाउन क्षेत्र की एक महिला ने मेरठ के व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। उसके दो बच्चे भी हैं। पति की मृत्यु के बाद वर्ष 2012 में सुनील कुमार उर्फ सुभाष कुमार शर्मा पुत्र परमानंद शर्मा निवासी ग्राम भगवानपुर बांगर, थाना किठौर मेरठ संपर्क में आया। उसने कहा कि वह उससे शादी करने को तैयार है और बच्चों की अच्छी देखभाल भी करेगा।
आरोप है कि इसके बाद से वह पांच साल तक उसके साथ रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। वर्ष 2017 में वह नौकरी का बहाना कर हरिद्वार चला गया और देहरादून आना भी बंद कर दिया। इस दौरान पता चला कि सुनील का किसी और महिला से चक्कर चल गया है और वह उसके साथ देहरादून में ही कहीं रह रहा है।
इस पर उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन वह गायब हो गया। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले में सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसके बारे में पता लगाने के लिए मेरठ पुलिस से भी संपर्क किया गया है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर एक साल तक दुष्कर्म, दारोगा का बेटा गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, दो बार गर्भपात कराने का आरोप
यह भी पढ़ें: बीटेक की छात्रा से कॉलेज के कर्मचारी ने की छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज