इंडियन आइडल शो में मौका दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
इंडियन आइडियल में मौका दिलाने के नाम पर युवती से कई बार दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
देहरादून, [जेएनएन]: इंडियन आइडियल में मौका दिलाने के नाम पर युवती से कई बार दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाल शिशुपाल नेगी ने बताया कि कोतवाली नगर पर एक युवती ने तहरीर दी। बताया कि उसे गाना गाने का शौक है। वर्ष 2016 में इंडियन आइडल के सिंगिंग ऑडिशन के लिए वेबसाइट पर स्क्रैप डाला था। इसके बाद उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को इंडियन आइडल से बताते हुए नाम अभिषेक नेगी बताया। उसने इंडियन आइडियल में बिना फीस के मौका दिलाने का बात कही।
आरोप है कि जुलाई 2016 में युवक दून आया और उसे मसूरी ले गया। जहां उसके साथ एक होटल में दुष्कर्म किया। कॅरियर के चक्कर में उस समय यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद युवक ने प्रैक्टिस के लिए दिल्ली बुलाया और वहां भी दो दिन तक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद उसने उसे सीए की तैयारी करने के लिए कहा। जिसके बाद वह घर आ गई। इसके बाद फिर युवक देहरादून आया और रेलवे स्टेशन पर एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई। जहां युवक ने शादी का झांसा देकर फिर दुष्कर्म किया।
युवती के मुताबिक इसी बीच एक दिन युवक की आइडी हाथ लगी तो उसके होश उड़ गए। उसका नाम फिरोज खान था। जिसके बाद उसने परिजनों को सारी बात बताई।
शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी को टीम का गठन किया गया। चूंकि आरोपित युवती के संपर्क में था। इसलिए युवती की मदद से आरोपित फिरोज खान पुत्र असलम खान निवासी 360 साबरी गेट, नियर बड़ी मस्जिद मेरठ को दून बुलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
युवती के अकाउंट का इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक युवती के दिल्ली में रहने के दौरान आरोपित ने दोस्ती का वास्ता व आर्थिक तंगी की बात कहकर उससे खाता नंबर और एटीएम ले लिया। जिससे वह अवैध ट्रांजेक्शन करने लगा। अकाउंट की डिटेल निकाली तो इस्तेमाल किसी धोखाधड़ी में करना पाया गया। इस संबंध में सेक्टर 4 थाना बोकारो झारखंड में अकाउंट होल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
एग्जीविशन लगाने का काम करता है आरोपित
एसएसआइ कोतवाली अशोक राठौर ने बताया कि आरोपित से पूछताछ में पता चला कि वह ग्रेजुएट है। दिल्ली से उसने बीसीए भी किया है। वर्तमान में वह रसिया में आर्टिफीशियल ज्वैलरी की एग्जीवीशन लगाता है। ज्वैलरी वह दिल्ली से खरीदकर रसिया ले जाता है। वह अभी तक दस से पंद्रह युवतियों से धोखाधड़ी कर चुका है।
साजिश की आरोपित छात्रा से भी हुआ था दुष्कर्म
प्रेमनगर के सुद्धोवाला में पांच दिन पूर्व प्रकाश में आए नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में एक और मोड़ आ गया है। उस समय पीड़ित छात्रा ने अपनी जिस सहेली पर साजिश करने का आरोप लगाया, अब उसने भी खुद के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। फिलहाल वारदात के दोनों आरोपित जेल में हैं। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राएं प्रेमनगर की ओर घूमने के लिए जा रही थीं।
बल्लीवाला चौक पर उन्हें इंजीनियर एन्क्लेव, शास्त्रीनगर निवासी प्रभात नामक युवक मिला, जो इनमें से एक का मित्र भी था। इसी बीच प्रभात ने दिनेश नाम के अपने दोस्त को भी फोन कर बल्लीबाला चौक पर बुला लिया। इसके बाद चारों अलग-अलग बाइक से प्रेमनगर की तरफ चल दिए।
आरोप है कि सुद्धोवाला स्थित एक कमरे में सभी ने शराब पी। दिनेश ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। देर रात पीड़िता की तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने पूछताछ की। तब पीड़िता ने पूरी बात बता दी। इसके बाद परिजनों की ओर से प्रेमनगर थाने में छात्रा की सहेली समेत दिनेश और प्रभात के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया।
मगर मंगलवार को दूसरी छात्रा भी प्रेमनगर थाने पहुंची और प्रभात पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने बुधवार को छात्रा का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। एसओ प्रेमनगर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि मामले में दोनों आरोपित जेल में है। दूसरी छात्रा के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों छात्राएं नाबालिग हैं, इसलिए मुकदमे में पोक्सो की एक्ट की भी धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें: ट्यूशन से घर लौट रही छात्रा से दुष्कर्म, आपोरित फरार
यह भी पढ़ें: झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, शादी की बात पर देने लगा धमकी
यह भी पढ़ें: नाबालिग को जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार