लॉकडाउन में कोई नहीं रहेगा भूखा, जरूरतमंदों की मदद को लगातार आगे आ रहे लोग
सामाजिक और धार्मिक संगठन जरूरतमंदों की सेवा में जुटे हैं। मोहल्लों में जाकर संगठन से जुड़े लोग राशन खाने के पैकेट जूस पानी और चाय बांट रहे हैं।
देहरादून, जेएनएन। लॉकडाउन में सामाजिक और धार्मिक संगठन जरूरतमंदों की सेवा में जुटे हैं। मोहल्लों में जाकर संगठन से जुड़े लोग राशन, खाने के पैकेट, जूस, पानी और चाय बांट रहे हैं। रविवार को भी मदद का यह क्रम लगातार जारी रहा।
अखिल भारतीय गढ़वाल सभा के सदस्यों ने मजदूर सेवा केंद्र के जरिये प्रेमनगर के मोहनपुर क्षेत्र में जरूरतमंदों को कच्चा राशन बांटा। सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना ने संरक्षक हरि प्रसाद पुरोहित को 11 हजार रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट,सत्येंद्र नेगी, सभा अध्यक्ष रोशन धस्माना, महासचिव गजेंद्र भंडारी, वीरेंद्र असवाल, अजय जोशी, तारेश्वरी भंडारी आदि मौजूद रहे।
एग्नेस कुंज सोसायटी होप प्रोजेक्ट की ओर से मद्रासी कॉलोनी में भोजन के पैकेट बांटे गए। गुरुद्वारा दुखनिवारण नेहरू कॉलोनी की प्रबंधक कमेटी ने कॉलोनी थाना और रायपुर थाने में जरूरतमंदों की सहायता के लिए भोजन के पैकेट बांटे। गुरुद्वारा अध्यक्ष अरविंद, महासचिव रणजीत सिंह, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सेवा सिंह मठारू, गौरव कुमार रहे। लायंस क्लब के सदस्य टीटू परवीन त्यागी ने बताया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से डालनवाला स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र में लायंस क्लब तीन दिन के लिए भोजन की व्यवस्था करेगा।
जरूरतमंदों को राशन भी बांट रही रसोई गैस एजेंसी
लॉकडाउन में राजधानी की तमाम गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को लगातार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी कर रही हैं, लेकिन जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस सॢवस एजेंसी सिलेंडर के साथ जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट भी वितरित रह रही है।
एजेंसी के कर्मचारी गोदाम में ही बीते एक माह से श्रमिकों के लिए भोजन तैयार कर रहे हैं। एजेंसी के संचालक अर्जुन शर्मा ने बताया कि रोजाना 400 से 500 पैकेट भोजन बनाया जा रहा है। इसमें पूरा स्टाफ सहयोग कर रहा है। भोजन के पैकेट पटेलनगर, देहराखास आदि क्षेत्रों की मलिन बस्तियों में पहुंचाए जा रहे हैं। साथ ही, राशन की किट भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा पुलिस के सहयोग से उन लोगों को सिलेंडर भी पहुंचाए जा रहे हैं, जो किसी कारण से बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं, या जिनके पास कनेक्शन नहीं हैं।
राहत कोष में जमा कराए तीन लाख
गोर्खाली सुधार सभा ने कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में सहयोग को हाथ बढ़ाया है। सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा जरूरतमंदों के सहयोग को तीन लाख रुपये राहत कोष में जमा कराए हैं। पदम सिंह थापा ने कर्नल जीवन कुमार क्षेत्री, राजन क्षेत्री और गोपाल क्षेत्री के साथ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए दो लाख रुपये का चेक व मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये का चेक सौंपा। साथ ही गोर्खाली सुधार सभा की ओर से बनाए गए 500 डबल लेयर सूती मास्क भी भेंट किए।
प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं की मदद से बांटा भोजन
प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से शहर में 7320 भोजन के पैकेट बांटे। डीएम डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को राधास्वामी सत्संग व्यास, गीता भवन, लोकायुक्त कार्यालय देहरादून, गुरुद्वारा श्री गुरु अंगद देव जी कांवली रोड, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर समिति झंडाबाजार, दून यूनिवॢसटी, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय देहरादून आदि के सहयोग से भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा जिला प्रशासन की टीम ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व व्यक्तियों के सहयोग से जनपद के विभिन्न स्थानों पर 2799 अन्नपूर्णा राशन किट वितरित किए।
2282 निराश्रित पशुओं को दिया आहार
जिला प्रशासन की ओर से गठित टीम ने स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से जनपद अंतर्गत चकराता, विकासनगर, सहसपुर, रायपुर व डोईवाला एवं तहसील सदर में कुल 2282 निराश्रित पशुओं को आहार उपलब्ध कराया गया। जिसमें 1693 कुत्ते, 535 गोवंश व 54 अन्य पशु शामिल थे।
देवभूमि ब्राह्मण जन समिति ने बांटे मास्क और सैनिटाइजर
कोरोना संकट के दौरान भी निरंतर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों, डॉक्टर, नर्स, पुलिस विभाग, सामाजिक संस्थाओं व समाज सेवियों का अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति ने आभार जताया। रविवार को ब्राह्मण समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने शहर के वार्ड 44 वेस्ट पटेलनगर के पर्यावरण मित्रों को मास्क, सेनिटाइजर, दस्ताने, साबुन व तुलसी की माला भेंट की।
पुलिस को राहत सामग्री उपलब्ध कराई
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में मुस्तैदी से काम कर रहे हैं पुलिस कर्मचारियों को पेसल वीड स्कूल और चिल्ड्रंस एकेडमी ने राहत सामग्री बांटी। रविवार को पेसल वीड स्कूल के चेयरमैन प्रेम कश्यप के नेतृत्व में जाखन, किशनपुर, घंटाघर, बिंदाल चौकी समेत अन्य चेकपोस्ट पर राहत सामग्री बांटी गई। प्रेम कश्यप ने बताया कि राजपुर थाने और जिला प्रशासन के साथ मिलकर अप्रैल महीने से स्कूल प्रशासन लगातार जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री, मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का काम कर रहा है।
जरूरतमंदों को बांटी 30 किट खाद्य सामग्री
गणेश विहार विकास समिति के अध्यक्ष मुकेश चमोली और उनके भाई समाजसेवी दिनेश चमोली ने अपने यक्तिगत प्रयास से गणेश विहार, शीतला विहार आदि क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को 30 किट खाद्य सामग्री वितरित की। इस किट में आटा, चावल, नमक, मसाला, तेल आदि जारूरत की चीजें मौजूद थीं। मुकेश चमोली ने बताया कि लॉकडाउन में करीब और असहाय लोगों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। आगे भी राशन वितरण कार्यक्रम जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सेवा और लॉकडाउन का पालन करते हुए शारीरिक दूरी बनाए रखने की अपील की है।