देहरादून: पति ने पहले घर से निकाला, अब दे रहा मारने की धमकी; तीन के खिलाफ मुकदमा
एक विवाहिता ने पति पर पीटकर घर से निकालने के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में एक विवाहिता ने पति पर पीटकर घर से निकालने के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आगे की चांज शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बड़ोवाला आरकेडिया निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में प्रमोद सावंत से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही प्रमोद और उसके स्वजन दहेज के लिए महिला का उत्पीड़न करने लगा। विरोध करने पर प्रमोद उसकी बेरहमी से पिटाई करता। वर्ष 2015 में ही महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। फिर ससुराल वालों के अत्याचार बढ़ गए। वह महिला पर मायके पक्ष से रुपये मांगने का दबाव बनाने लगे।
इसके बाद जुलाई 2018 में पति और सास-ससुर ने पिटाई करने के बाद उसे घर से निकाल दिया। उसके बाद से महिला अपने मायके में रह रही है। अब उसे पति की तरफ से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में पुलिस ने प्रमोद के अलावा महिला के ससुर मोहन सिंह व सास कलावती के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
दहेज उत्पीड़न में छह नामजद
दहेज उत्पीड़न के एक मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार देहराखास निवासी महिला ने शिकायत की थी कि उसका निकाह तीन जून 2019 को अनस खान से हुआ था। निकाह होने के कुछ माह बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने की सूरत में तीन तलाक की धमकी दी जाने लगी। इसके बाद 11 मई 2020 को अनस बिना बताए कहीं चला गया। महिला ने 17 मई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
22 सितंबर को अनस ने महिला वाट्सएप पर संदेश भेजा कि वह दूसरा निकाह कर रहा है। 24 सितंबर को सास इमराना, ननद आयशा और जेठानी सोफिया ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर महिला को पीटा। इसके बाद उसपर चाकू से हमला किया गया। जिससे उसे कई गंभीर चोटें आईं। इस मामले में पुलिस ने अनस खान, अशफाक, इमराना, आयशा, साजिद व सूफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
किशोरी को अपहरण करने की कोशिश
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी से घर से लौट रही एक किशोरी की पिटाई कर सरफिरे ने जबरदस्ती बाइक में बैठाकर अपहरण करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी दो फरवरी की शाम को घर जा रही थी। वह सहस्रधारा रोड पर मयूर विहार स्थित ग्रेट वैल्यू जनरल स्टोर के निकट विक्रम से उतरी तो बाइक सवार युवक ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
आरोपित ने उसका मोबाइल तोड़ दिया और जबरदस्ती उसे बाइक पर बैठाकर कंडोली की तरफ ले गया। आरोप है कि युवक उस समय शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कंडोली की तरफ गई। पुलिस ने आरोपित को पकड़कर किशोरी को छुड़ाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि इससे पहले 20 जनवरी को भी आरोपित ने घर में घुसकर किशोरी को पीटा। आरोपित के खिलाफ अपहरण, पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: आपस में भिड़े युवक, झोंका फायर; पहले भी इसी बात को लेकर हुआ था झगड़ा