ब्लॉक कांग्रेस त्यूणी के अध्यक्ष बने लायकराम शर्मा
चकराता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भाटगढ़ी के पूर्व प्रधान लायकराम शर्मा को त्यूणी ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया है उनके इस मनोनयन में कार्यकत्र्ताओं में काफी उत्साह दिखा।
संवाद सूत्र, चकराता: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भाटगढ़ी पंचायत के पूर्व प्रधान लायकराम शर्मा को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी त्यूणी इकाई का नया अध्यक्ष बनाया है।
चकराता विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस अपनी सियासी जमीन मजबूत बनाने के लिए संगठन में युवा चेहरों व सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे ला रही है। युवा नेता लायकराम शर्मा को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकत्र्ताओं में काफी उत्साह दिखा। मंगलवार को कांग्रेसियों ने लायकराम शर्मा का स्वागत किया और त्यूणी बाजार में मिठाई बांटी। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस परिवार में हर कार्यकर्ता का पूरा सम्मान होता है। कांग्रेस गरीब-कमजोर व दबे कुचले लोगों की आवाज हमेशा से उठाती रही है। पूर्व अध्यक्ष जिपं ने बढ़ती महंगाई व बेलगाम होती बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा यह सरकार पूंजीपतियों की है, जिसे गरीबों की समस्या से कोई लेना देना नहीं। कहा कि जौनसार-बावर की स्वास्थ्य सेवा सुधारने को सीमांत त्यूणी क्षेत्र में सौ बेड के नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला रखी गई, जिसे भाजपा सरकार घटाकर तीस बेड का करने जा रही है। त्यूणी में नर्सिंग कॉलेज खुलना क्षेत्रवासियों का ड्रीम प्रोजेक्ट है। कहा भाजपा सरकार बनने से जनजाति क्षेत्र का विकास पूरी तरह ठप पड़ गया है। स्वागत कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हरीश राजगुरु, जिला महामंत्री बलवीर सिंह चौहान, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य पंवार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्याणा संतराम चौहान, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष बॉबी चौहान, स्याणा रतन सिंह चौहान, एनडी पंवार, अनूप राणा व पिकू चौहान आदि मौजूद रहे।