जानिए क्यों दिल्ली और गुरुग्राम जाने के लिए पांच वाल्वो और जनरथ बस हुई कम, आज से शुरू हुआ बदलाव
यात्रियों के अभाव में खाली चल रहीं पांच वाल्वो व जनरथ बस को रोडवेज मुख्यालय ने मार्ग से हटा दिया है। यात्रियों का अभाव खत्म होने तक इनका संचालन बंद रहेगा। दिल्ली की चार जबकि गुरुग्राम की एक बस इस जद में आई हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। सर्द मौसम में यात्रियों के अभाव में खाली चल रहीं पांच वाल्वो व जनरथ बस को रोडवेज मुख्यालय ने मार्ग से हटा दिया है। यात्रियों का अभाव खत्म होने तक इनका संचालन बंद रहेगा। दिल्ली की चार जबकि गुरुग्राम की एक बस इस जद में आई हैं।
अभी कुछ दिन पहले ही रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली, गुरुग्राम एवं हल्द्वानी जाने वाली वाल्वो बस की संख्या में कटौती कर समय में बदलाव किया था। इसके बावजूद बाकी बची बसों में यात्रियों की संख्या गिरती जा रही। बताया जा रहा कि पिछले एक हफ्ते से दिल्ली और गुरुग्राम की वाल्वो बस में आठ से दस यात्री मिलने भी मुश्किल रहे। ऐसे में रोडवेज मुख्यालय को लाखों रुपये का रोजाना घाटा उठाना पड़ रहा। आर्थिक स्थिति पहले ही खराब होने से अब प्रबंधन ने पांच डीलक्स बसें और कम कर दी हैं।
देहरादून ग्रामीण डिपो के एजीएम केपी सिंह ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए नियमित सुबह पांच बजे जाने वाली वाल्वो में यात्री नहीं मिल रहे, इसलिए सुबह छह बजे की बस को जैसे-तैसे भेजना पड़ रहा है। यही स्थिति दोपहर दोपहर 12 बजे, शाम पांच बजे व रात 11 बजे वाली वाल्वो सेवा में भी आ रही। फिलहाल यात्रियों का अभाव होने तक बसें निरस्त कर दी गई है। दिल्ली के लिए हाल ही में लगाई गई एसी जनरथ बस सेवा भी यात्रियों के अभाव में निरस्त करनी पड़ी है। शुरुआती दिनों में इस बस में बुकिंग फुल चल रही थी, लेकिन बीते कुछ दिनों से यह खाली चल रही। बताया जा रहा कि रोडवेज इन बसों से डीजल का खर्च भी नहीं निकाल पा रहा था। बदलाव गुरुवार से लागू होंगे।
यात्रियों के हिसाब से जाएगी वाल्वो
यूं तो दून से दिल्ली के लिए सुबह पांच बजे से रात साढ़े 11 बजे तक हर घंटे एक वाल्वो बस सेवा है, लेकिन रोडवेज प्रबंधन ने यात्रियों के हिसाब से इन बसों को भेजने के निर्देश दिए हैं। बस में पचास फीसद के आसपास यात्री होने पर ही बस को रवाना किया जाएगा। प्रबंधन ने निर्देश दिए हैं कि यात्री कम होने पर बस भेजी न जाए बल्कि और यात्री आने का इंतजार किया जाए।
यह भी पढ़ें- चुनाव में शस्त्र जमा न करवाने वालों के लाइसेंस होंगे निरस्त, अब तक इतने लोगों ने जमा कराए शस्त्र